ठाकुरद्वारा। नगर में नंगलिया रोड पर मंगलवार को देर रात शादी समारोह से लौट महिलाओं की कार को रोककर हुड़दंग मचाने वालों की कार पुलिस को नहीं मिल सकी है।
नगर के मोहल्ला ताली की महिलाएं रात करीब 12:00 बजे शादी समारोह से लौट रही थीं। तभी नंगलिया रोड पर नशे में हुड़दंग कर रहे युवकों ने उनके कार को रोक लिया। अश्लील हरकतें की। महिलाओं को खींचने का भी प्रयास किया। बाद में महिलाओं के शोर मचाने पर लोगों ने उनकी पिटाई की थी। युवकों की कार बिना नंबर की थी। कार पर पुलिस लिखा हुआ था और उसमें पुलिस के कैप और शराब की बोतल भी रखी हुई थी। हंगामा कर रहे कांठ के दो युवकों को भीड़ ने पकड़ लिया था। उनकी पिटाई की। जबकि उनके साथी भाग गए थे।सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने उन्हें कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उनका सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया। जिसमें उनके नशे में होने की पुष्टि हुई थी। बाद में दोनों को कोतवाली से जमानत पर छोड़ दिया था लेकिन पुलिस ने उनकी कार को कब्जे में लेने का प्रयास नहीं किया। इस बारे में मालूम करने पर बृहस्पतिवार को कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चाबी नहीं मिली इसलिए पुलिस कार को नहीं ला सकी थी। बाद में पुलिस दोबारा से मौके पर पहुंची तो कार मौके से गायब हो गई थी।