मुरादाबाद। लाइनपार क्षेत्र में मझोला चौराहे से एफसीआई गेट होते हुए पुतलीघर चौक तक जाने वाली पुतलीघर रोड की मरम्मत पिछले दो सालों से नहीं हुई है। मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जिसका खामियाजा यहां के दुकानदारों के साथ-साथ रामेश्वर कॉलोनी, प्रकाशनगर व सुखदेव कॉलोनी सहित कई कॉलोनियों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बारिश में यहां जलभराव भी हो जाता है।
कपूर कंपनी से प्रकाशनगर चौक व मंडी गेट होते हुए दिल्ली रोड पर चौधरी चरण सिंह चौक तक आने वाले मुख्य मार्ग पर मुख्यमंत्री ग्रिड से सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। पुतलीघर रोड भी इसी से जुड़ती है और इसके दोनों तरफ बाजार विकसित हो चुका है। स्थानीय दुकानदार बताते हैं कि हर साल दशहरे पर इस मार्ग की मरम्मत कर गड्ढे भरे जाते हैं।
यहां से रामलीला देखने वालों का भी आना-जाना रहता है लेकिन पिछले दशहरे पर गड्ढे नहीं भरे गए। लोगों ने समझा कि मुख्य मार्ग पर कार्य चल रहा है, इसलिए अभी मरम्मत नहीं की गई। लेकिन, अब तक पुतलीघर सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा सकी, जबकि इसमें बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। सड़क के किनारे दोनों ओर की नालियां भरी पड़ी हैं, क्योंकि यहां पर रामेश्वर कॉलोनी का पानी दूसरी तरफ सुखदेव नगर की ओर सड़क के किनारे जाता था लेकिन दो सालों से यह पुलिया ही बंद कर दी गई है, जिससे जल निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर जलभराव हो जाता है।
पुतलीघर रोड लाइनपार क्षेत्र का बड़ा बाजार है, रोजाना हजारों की संख्या में लोगों का आवागमन होता है लेकिन करीब डेढ़ दो साल से यह सड़क टूटी हुई है।
महेंद्र सिंह सैनी
सड़क के दोनों ओर नालियां लंबे समय से साफ नहीं की गई हैं, जिसके कारण अक्सर नालियों का पानी सड़क पर भरने लगता है। जिससे सड़क को नुकसान होता है।
संदीप शर्मा
यह सड़क दो वार्डों में बंटी हुई है। इसकी एक साइड तो वार्ड 28 में है और दूसरी साइड वार्ड 37 में आती है। दोनों पार्षदों को बताने पर भी नालियां साफ नहीं होती।
प्रशांत रस्तोगी
यहां सड़क पर सर्वाधिक आवागमन होता है लेकिन दो सालों से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई, जिसके कारण सड़क पर छह से सात इंच तक गहरे गड्ढे हो गए हैं।
मोहम्मद उवैश
सड़क के दोनों ओर की नालियों का पानी एफसीआई की ओर जाकर एक ही नाली में मिल जाता है लेकिन अब बीच की पुलिया ही बंद कर दी गई है।
मोहित अग्रवाल
जल निकासी नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में पूरी सड़क पर पानी भर जाता है, सड़क टूटने का यह भी मुख्य कारण है लेकिन जल निकासी दुरुस्त नहीं हुई।
जोरावर सिंह
पुतलीघर मार्ग पर गड्ढे ही गड्ढे बन गए हैं, अक्सर दोपहिया वाहन गिरते रहते हैं, जिसके कारण लोग चोटिल हो जाते हैं लेकिन निगम सुनवाई नहीं कर रहा है।
विजयपाल सिंह एडवोकेट
नगर निगम के कूड़े उठाने वाले कर्मचारी तो आते हैं लेकिन नालियां साफ करने वाले नहीं आते हैं। बारिश में गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे आवागमन में दिक्कत होती है।
संध्या देवी
सड़क का बनना बहुत आवश्यक है, हर रोज यहां किसी न किसी को चोट लगती है। वाहन गिरते हैं, नगर निगम को अतिशीघ्र सड़क बनवानी चाहिए।
लक्ष्मी
वर्जन
लाइनपार क्षेत्र में लगातार कार्ययोजना के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं, प्राथमिकता के आधार पर सड़कों को भी बनवाया जा रहा है। यदि कहीं अधिक दिक्कत है तो शिकायत करें, समाधान कराया जाएगा।
अजीत कुमार, अपर नगर आयुक्त