मुरादाबाद। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने कहा कि नए वक्फ संशोधन बिल के लागू होने पर अब संपत्ति की लूट नहीं होगी। गरीबों को उनका हक मिलेगा। पहले कानून की लचरता का लाभ उठाते हुए काफी लोगों ने संपत्ति की लूटपाट की थी।
भाजपा जिला कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में बासित अली ने कहा कि युवा मोर्चा, महिला मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी वक्फ बोर्ड कानून सुधार को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। जनता को अब तक हुए नुकसान और फायदे के बारे में जानकारी दी जाएगी। वक्फ बिल आने के बाद कांग्रेस और सपा में बेचैनी का माहौल है। रिपोर्ट के अनुसार 2006 में 4 लाख 50 हजार संपत्तियां थी। जिनकी आय 163 करोड़ थी। 2013 में 8 लाख 72 हजार हुई।
भाजपा सरकार में कमाई का हिसाब रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि बिल लागू होने के बाद देश में गरीब मुसलमानों, विधवाओं और यतीम बच्चों का भला होगा। अब अधिनियम लागू होने के बाद वक्फ संपत्ति का मुतवल्ली को हिसाब देना होगा। अभी तक वक्फ से होने वाली आय व खर्चों का कोई खाता बही नहीं होता था। वक्फ कानून से किसी भी मस्जिद, दरगाह, कब्रिस्तान या खानकाह का अस्तित्व समाप्त नहीं होने वाला है। ब्यूरो