मूूंढापांडे (मुरादाबाद)। बेटी के प्रेमी की पीट-पीटकर हत्या करने के आरोपी जसवंत को पुलिस ने मंगलवार दोपहर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। वहीं मारपीट में घायल आरोपी की बेटी की हालत अभी भी गंभीर बनी है और उसका मेरठ के अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस पूछताछ में हत्यारोपी ने कहा कि बेटी को रोहित के साथ देखा तो आपा खो दिया और लोहे की पाइप से हमला कर दिया।
डिलारी थाना क्षेत्र के दौलावाला निवासी एवं चीनी मिल के कर्मचारी गेंदा सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी जसवंत के खिलाफ केस दर्ज किया था। गेंदा सिंह ने बताया था कि उसके बेटे रोहित कुमार को घर बुलाकर लोहे के पाइप से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के कुछ समय के बाद ही आरोपी जसवंत को हिरासत गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर लोहे का पाइप बरामद कर लिया था।
पुलिस पूछताछ में जसवंत ने बताया कि वह कमरे में बेटी के साथ रोहित को देखकर गुस्से से भर गया और दोनों पर पाइप से हमला कर दिया था। रोहित की कुछ घंटे बाद ही माैत हो गई थी। वहीं आरोपी की बेटी का इलाज चल रहा है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।