बिलारी। नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव ने पालिका द्वारा नगर में कराए जा रहे तीनों पार्कों के जीर्णोद्धार कार्य का बृहस्पतिवार सुबह मौके पर जाकर निरीक्षण किया। पालिकाध्यक्ष ने परशुराम पार्क की पैमाइश कराकर मौके पर लगभग 25 मीटर जगह भी बढ़वा दी।
नगर में शाहबाद रोड स्थित गाटा संख्या 837 में नगरपालिका परिषद की ओर से परशुराम पार्क बनवाया जा रहा है। नागरिकों की ओर से बीते दिनों एसडीएम को ज्ञापन देकर अभिलेखों के अनुसार पार्क का रकबा बढ़वाने की मांग उठाई गई थी। एसडीएम के निर्देश पर नगर हल्के के लेखपाल ने मौके पर अभिलेखों के हिसाब से पार्क के रकबे की पैमाइश की। पालिकाध्यक्ष ने पार्क की भूमि के आस पास के लोगों से सहयोग मांगते हुए पश्चिम और दक्षिण की ओर पार्क का कुछ रकबा बढ़वा दिया। पालिकाध्यक्ष ने दोपहर को पालिका कार्यालय में पत्रकार वार्ता बुलाकर दावा किया कि अब 525 वर्ग मीटर रकबे में परशुराम पार्क का निर्माण कराया जा रहा है।
पालिकाध्यक्ष ने बाद में शाहबाद रोड स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क और मुरादाबाद रोड स्थित डा. आंबेडकर पार्क में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य का मौके पर निरीक्षण किया। पालिकाध्यक्ष ने निर्माण कार्य में लगी संस्था के प्रतिनिधियों से कहा कि जीर्णोद्धार का कार्य मानक के अनुसार शीघ्र पूरा कराया जाए। पालिकाध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि नगर के तीनों पार्कों के जीर्णोद्धार कार्यों के लिए प्रदेश शासन ने लगभग एक करोड़ 18 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की है। तीनों पार्कों के डिजाइन की जिम्मेदारी विशेषज्ञ आर्किटेक्ट को दी गई है।
नगरपालिका परिषद द्वारा जल्दी ही जनसहयोग से नगर में खेल का मैदान विकसित किया जाएगा। पालिकाध्यक्ष रघुराज सिंह यादव ने बताया कि खेल मैदान में ओपन जिम, बैंडमिंटन, बॉलीवॉल, क्रिकेट आदि खेल आसानी से खेले जा सकेंगे। यह खेल मैदान विकसित करने में लगभग एक करोड़ 90 लाख रुपये खर्च आएंगे जिसका प्रोजेक्ट बनाकर शासन को भेज दिया गया है। नागरिकों के सहयोग से ही खेल मैदान की भूमि का चयन किया जा रहा है।