बिलारी। हाईवे पर भुलावई गांव के पास रविवार रात करीब आठ बजे पीडब्ल्यूडी कर्मचारी सुरेंद्र पाल सिंह (32) की बाइक सांड़ से टकरा गई। इस हादसे में उनकी मौत हो गई। हादसे के समय वह चंदौसी से अपने घर लौट रहे थे।
बिलारी के आरीखेड़ा निवासी सुरेंद्र पाल सिंह लोकनिर्माण विभाग मुरादाबाद में बेलदार के पद पर तैनात थे। उनके परिवार में मां सूरजमुखी, पत्नी रेनू के अलावा बेटी सृष्टि (14) और बारह साल का बेटा है। बताया जा रहा है कि रविवार की शाम सुरेंद्र पाल सिंह संभल जिले के चंदौसी निवासी साढ़ू ओमपाल सिंह के घर गए थे। रात करीब आठ बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर गांव भुलावई के पास पहुंचे तो दो सांड़ अचानक लड़ते हुए सड़क पर आ गए। इस दाैरान उनकी बाइक सांड़ से टकरा गई, जिससे सुरेंद्र सिंह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें उपचार के लिए बिलारी सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना बनियाठेर की पुलिस और परिजन भी सीएचसी पहुंच गए। सुरेंद्र पाल सिंह की मौत की सूचना से पत्नी, बच्चों के अलावा वृद्ध मां रो-रोकर बेहाल थीं। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया।