संभल। अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के नजदीक स्थित पुरानी कारों की खरीद-फरोख्त की दुकान से टेस्ट ड्राइव के बहाने दो बदमाश थार जीप ले गए। वहीं, टेस्ट ड्राइव में बदमाशों के साथ गए दुकान के कर्मचारी युवक को बदमाश कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में फेंक गए। युवक ने इसकी जानकारी दुकान मलिक को दी। दुकानदार ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक से पूछताछ की है।
संभल कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद मार्ग पर अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने मियां सराय निवासी मोहम्मद फहीम का पुरानी कारों को खरीदने और बेचने का काम है। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे मास्क लगाए दो बदमाश थार जीप की कीमत पूछने लगे। इसके बाद उन्होंने टेस्ट ड्राइव के लिए कहा। मोहम्मद फहीम ने काम करने वाले हजरतनगर गढ़ी निवासी अली को साथ भेज दिया। काफी देर बाद भी जब अली नहीं लौटा दुकानदार ने उसे फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। काफी देर के बाद अली ने फोन कर कार लूट की वारदात और खुद को कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में फेंके जाने की जानकारी दी। संभल पहुंचे अली ने बताया कि वाजिदपुरम के बाद ही बदमाशों ने उससे मोबाइल छीन लिया था। जीप के आगे और पीछे दो अन्य गाड़ी चल रही थीं। सिरसी होते हुए बिलारी पहुंचे जहां जीप में तेल खत्म हो गया था। बिलारी में बदमाशों ने जीन में तेल भरवाया और उसे कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में फेंक कर चले गए। दुकानदार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस जीप की बरामदगी में जुट गई है।
टेस्ट ड्राइव के बहाने जीप ले जाने की जानकारी मिली है, लेकिन इस मामले में अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है। जीप की छानबीन जारी है। जल्द जीप बरामद कर ली जाएगी और उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
अरुण कुमार सिंह, सीओ, संभल