बिलारी (मुरादाबाद)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव और सांसद राज्यसभा प्रो. रामगोपाल सिंह यादव ने कहा कि महिला सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर गलत बयान देने वाले मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह से वहां के मुख्यमंत्री को तत्काल इस्तीफा ले लेना चाहिए और पार्टी से निकाल देना चाहिए। अच्छे लोगों को निकालना और गलत लोगों को पार्टी में शामिल करना भाजपा की विशेषता है।
सपा के वरिष्ठ नेता बृहस्पतिवार दोपहर बिलारी के सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान के आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह खिलाफ मुकदमा तो दर्ज हुआ लेकिन अभी तक भाजपा ने मंत्री को पार्टी से नहीं निकाला। उन्होंने कहा कि बीते दिनों हमारी साहसी सेना ने पड़ोसी देश के अंदर घुसकर आतंकवादी अड्डों को नष्ट किया लेकिन ट्रंप के दबाव में जो सीजफायर हुआ उससे सेना के मनोबल पर असर पड़ा।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने केंद्र की भाजपा सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि मीडिया में तो कहते हैं कि आतंकवादी देश में आएंगे तो युद्ध समझा जाएगा लेकिन जब सेना जवाब देती है तो हाथ बांध देते हैं। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की एकतरफा जीत होगी। वर्तमान भाजपा सरकार के अत्याचार और भ्रष्टाचार से जनता तंग आ चुकी है जो समय आने पर सही जवाब देगी।