ठाकुरद्वारा। क्षेत्र से तीन दिन से लापता प्रेमी युगल बुधवार को थाने पहुंचा। पुलिस से कहा कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं। दोनों बालिग हैं और निकाह करना चाहते हैं। सूचना पर परिजन भी थाने पहुंचे, लेकिन समझाने पर भी नहीं मानने पर पुलिस ने दोनों को भेज दिया।
ठाकुरद्वारा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक नगर स्थित एक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन है। युवक का गांव की है एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा है, जो इस समय ठाकुरद्वारा में ही रहती है। जानकारी के अनुसार दोनों आपस में रिश्तेदार भी हैं। जिसके चलते दोनों के परिजन दोनों की शादी कराने के खिलाफ हैं। इसके चलते तीन दिन पहले दोनों बिना बताए घर से चले गए। युवती के परिजनों ने युवक पर अपहरण का आरोप लगा कार्रवाई की मांग की। पुलिस का दबाव पड़ने पर बुधवार की शाम युवक और युवती थाने पहुंच गए। युवती ने कहा कि वह बालिग है और युवक से प्यार करती है। वह अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ गई थी और दोनों निकाह करना चाहते हैं। सूचना पर युवक और युवती के परिजन थाने पहुंचे और दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे निकाह की जिद पर अड़े रहे।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि युवती के अपहरण करने की शिकायत मिली थी लेकिन थाने पहुंची युवती ने कहा कि वह अपनी मर्जी से गई थी और उक्त युवक से शादी करना चाहती है। युवती ने अपहरण के आरोप को झूठा बताया है। इसलिए दोनों को पुलिस ने छोड़ दिया है। दोनों बालिग है वे अपनी मर्जी से निर्णय ले सकते हैं।