फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें और अन्य सुविधाएं मिलें तो लाइब्रेरी योजना परवान चढ़े

Thu, 13 Aug 2026 02:22 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। जिले में ग्राम पंचायत स्तर पर शुरू की गई लाइब्रेरी की सुविधा अभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे नौजवानों के लिए मददगार नहीं बन पा रही।
विज्ञापन


ज्यादातर पंचायत सचिवालयों में स्थापित लाइब्रेरी अधिकांश समय तालों में कैद रहती हैं। एक और दिक्कत वहां उपलब्ध किताबों की उपयोगिता की है। ज्यादातर युवा कहते हैं कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मददगार साबित होने वाली किताबें लाइब्रेरी में होनी चाहिए। साथ ही बैठकर पढ़ने का उचित माहौल और निरंतर वाईफाई सुविधा ही इन लाइब्रेरियों को गुलजार कर सकती है।

छजलैट ब्लॉक की ग्राम पंचायत ढाकी के ग्राम सचिवालय में संचालित लाइब्रेरी में बुधवार दोपहर 3:45 बजे चार युवा मौजूद थे। लाइब्रेरी खुली मिलना उपलब्धि थी लेकिन जरूरत की किताबों का अभाव इन नौजवानों का मलाल था। कोशेंद्र कुमार ने कहा कि यहां ज्यादातर सामान्य किताबें ही हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोई भी किताब नहीं है। वह अपना लैपटॉप लाकर तैयारी करते हैं। अरुण कुमार ने कहा कि कहानियों, गीतों की और कुछ साधारण किताबें ही मौजूद हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें और कंप्यूटर की व्यवस्था हो जाए तो लाभ मिले। केशव कुमार बोले प्रतियोगी परीक्षाओं के मतलब की किताबें मिलें और वाईफाई का रिचार्ज नियमित रहे तब फायदा होगा। कई बार रिचार्ज की कमी से वाईफाई सुविधा नहीं मिलती।
विज्ञापन

निवर्तमान प्रधान/प्रशासक रजनी दिवाकर के पति सीताराम ने कहा कि पिछले दिनों वाईफाई की समस्या थी। अब उन्होंने खुद रिचार्ज कराया है। लेपटॉप के लिए भी कहा है। एडीओ पंचायत जबर सिंह ने कहा कि ढाकी की लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें भी जल्द उपलब्ध होंगी।
कुंदरकी।ग्राम पंचायत जैतपुर पट्टी के पंचायत सचिवालय की सामान्य लाइब्रेरी में प्रतियोगी पुस्तकें नहीं हैं। साथ ही दिन में जब पंचायत सचिवालय बंद हो जाता है तो लाइब्रेरी की सुविधा पर भी ताला पड़ जाता है। यह कहना था युवा उदय सैनी, अलंकृत सैनी, सुमित कुमार, अरूण, पुष्पेंद्र, अजय का, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में ज्ञानवर्धक पुस्तकें पर्याप्त संख्या में नहीं हैं। विभिन्न तरह की प्रतियोगी परीक्षा संबंधी पुस्तकें और बुनियादी सुविधाएं बेहतर हों तो विद्यार्थियों को तैयारी के लिए दूरदराज नहीं जाना पड़ेगा।

पंचायत सहायक ने बताया कि लाइब्रेरी में छोटे बच्चों के पढ़ने की ही पुस्तकें हैं लेकिन नियमित रूप से बच्चे आते नहीं। एडीओ पंचायत कुलदीप सिंह का कहना है कि जहां भी पुस्तकों की जरूरत होगी, उसी हिसाब से उलब्धता कराई जाएगी। संवाद

टांडा अमरपुर गांव का पंचायत सचिवालय अक्सर बंद रहता है। यहां लाइब्रेरी संचालन के लिए अलग से कोई कक्ष नहीं है। ऐसी स्थिति में टांडा अमरपुर में लाइब्रेरी का नियमित संचालन नहीं हो पाता। सचिवालय में केवल एक ही कक्ष है। इसी सचिवालय में अलग से सामुदायिक जनसेवा केंद्र बनाया गया है। लाइब्रेरी के लिए अलग कक्ष पर किसी का ध्यान नहीं है। बुधवार दोपहर टांडा अमरपुर का पंचायत सचिवालय बंद था। ग्रामीणों ने बताया कि अक्सर सचिवालय बंद रहता है। कहा कि अलग से कक्ष हो और उसे खुला रखा जाए तब ही कंप्टीशन की तैयारी करने वाले लाभान्वित हो सकते हैं।
बीडीओ हरिओम सिंह ने कहा कि टांडा अमरपुर में नियमानुसार लाइब्रेरी का संचालन न होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। एडीओ पंचायत शकील अहमद ने बताया कि दोपहर में पंचायत सचिवालय बंद रहने पर टांडा अमरपुर के पंचायत सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। ग्राम पंचायत अधिकारी रविंद्र सिंह का कहना है कि लाइब्रेरी के लिए अलग से कक्ष का प्रस्ताव अधिकारियों को भेजा गया है। निवर्तमान प्रधान एवं प्रशासक महबूब अली ने कहा कि लाइब्रेरी कक्ष न होने से स्कूल के एक कमरे में किताबें रखवा दी हैं। पूर्व प्रधान चौधरी अमरेंद्र सिंह ने लाइब्रेरी व्यवस्थित रखने और सचिवालय बंद होने से बाधा न आने की वकालत की। पंचायत सहायक आफताब सलमान ने सफाई दी कि अकेले ही हैं। दोपहर में भोजन के लिए जाने से सचिवालय बंद करना पड़ता है। संवाद


बिलारी ब्लॉक क्षेत्र की 16 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी खोली जाएगी। इसके लिए ब्लॉक कार्यालय में पुस्तकें आ गई हैं। ब्लॉक के एडीओ पंचायत शकील अहमद ने बताया कि ग्राम पंचायत देवीपुरा नगला,मोहम्मद हयातपुर, ग्वारऊ,कमालपुर चंदौरा, मोहम्मद सादिकपुर, नारायणपुर देवा, चिड़िया भवन, धर्मपुर कलां,ग्वारखेड़ा,ढकिया नरु, बहादरपुर, नवैनी गददी, जलालपुर खास, भूड़ावास,सतारन और स्योंडारा में डिजिटल लाइब्रेरी खोलने की तैयारी है। आ चुकी किताबें पंचायत सचिवों के माध्यम से ग्राम पंचायतों तक पहुंचाई जा रही हैं। लाइब्रेरी में फर्नीचर की व्यवस्था भी कराई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें