मुरादाबाद। गोरखपुर से दिल्ली के बीच यात्रियों को जल्द ही नई अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात मिलने जा रही है। इस ट्रेन के संचालन से मुरादाबाद का दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश के शहरों से रेल संपर्क और बेहतर होगा। प्रस्तावित ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी और इसके ट्रेन नंबर 14045 और 14046 होंगे। अमृत भारत एक्सप्रेस गोरखपुर से चलकर आनंदनगर, बढ़नी, बलरामपुर, गोंडा, सीतापुर, बरेली होते हुए मुरादाबाद पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन गाजियाबाद होते हुए दिल्ली जाएगी।
मुरादाबाद के यात्रियों के लिए यह ट्रेन खास तौर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अभी गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों की यात्रा के लिए यात्रियों को उपलब्ध ट्रेनों और उनके समय के अनुसार सफर करना पड़ता है। नई अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू होने से मुरादाबाद से गोरखपुर के बीच सफर का एक और विकल्प उपलब्ध होगा। साथ ही बरेली, सीतापुर, गोंडा और बलरामपुर जैसे शहरों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। ट्रेन में आधुनिक सुविधाएं, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा के साथ बेहतर खान-पान की व्यवस्था होने का दावा किया गया है। ट्रेन में सीसीटीवी और अन्य यात्री सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
हालांकि, ट्रेन का सटीक समय, मुरादाबाद में आगमन-प्रस्थान और संचालन की तारीख अभी जारी नहीं की गई है। रेलवे की ओर से समय सारणी जारी होने के बाद इन जानकारियों की स्थिति स्पष्ट होगी। डीआरएम विनीता श्रीवास्तव का कहना है कि सप्ताह में एक दिन चलने वाली यह ट्रेन मुरादाबाद के यात्रियों के लिए पूर्वांचल की ओर यात्रा का नया विकल्प बनेगी।