मुरादाबाद। अपहरणकर्ताओं ने लूट की कार से अपहरण की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि गोलू ठाकुर ने रुपयों को लेकर हुए विवाद के बाद जय किशन नाम के व्यक्ति से कार लूट ली थी और हाथरस भाग गया था।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि हाथरस के गोलू राणा की मुंह बोली बहन की शादी बुलंदशहर गोलू ठाकुर के गांव के पास हुई है, जहां गोलू राणा का आना जाना था। इसी दौरान गोलू राणा और गोलू ठाकुर की जान पहचान हो गई थी। गोलू ठाकुर का जय किशन नाम के व्यक्ति से रुपयों को लेकर विवाद हो गयाथा। इसके बाद वह जय किशन से उसकी कार छीन हाथरस अपने दोस्त के पहुंच गया था। एक जनवरी को गोलू ठाकुर, गोलू राणा अपने चार अन्य साथियों के साथ हाथरस में रेलवे फाटक के पास शराब पी रहा था। वहां मैनेजर अभिनव भी पहुंच गया। यहां उन्होंने मैनेजर के साथ मारपीट की और कार में डालकर अल्मोड़ा ले गए थे। एसपी सिटी ने बताया कि इस कार से अन्य घटनाओं को अंजाम देने की बात भी सामने आ रही है। जिसकी जांच पड़ताल की जा रही है।