मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ चुनाव में इस बार महिला शिक्षकों की ताकत निर्णायक बन गई है। मुरादाबाद मंडल के पांच जनपदों के 16 कॉलेज इस चुनाव में प्रतिभाग कर रहे हैं, जिनमें पांच महिला महाविद्यालय शामिल हैं। इन सभी कॉलेजों की लगभग 36 फीसदी महिला शिक्षिका मतदाता हैं। उनको महत्वपूर्ण बनाते हुए दो पैनलों ने नौ महिला दावेदार चुनाव में उतारी हैं। यही कारण है कि प्रत्याशी मतदाताओं को साधने में जुट गए हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी का कहना है कि मंगलवार को नाम वापसी का आखिरी दिन था, लेकिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया है।
बिजनौर के वर्धमान कॉलेज में 20 सितंबर को गुरु जंभेश्वर शिक्षक संघ चुनाव का मतदान होना है। चुनाव में कुल 468 मतदाता प्रतिभाग करेंगे। इसमें से लगभग 171 महिला शिक्षिका मतदाता हैं। चुनाव में कुल 27 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें नौ महिलाएं हैं। अध्यक्ष पद के लिए तीन पुरुष दावेदारों के बीच मुकाबला है। तीन पैनल बनने से मुकाबला रोचक हो गया है। चुनाव जीतने की कवायद पूरी तरह महिला शिक्षकों के वोटों पर टिकी है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों का कहना है कि गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में छात्राओं की संख्या 50 फीसदी है, जबकि पढ़ाने वाली महिला शिक्षिकाओं की संख्या लगभग 40 फीसदी है। ऐसे में महिला शिक्षकों की अनदेखी कर कोई भी पैनल जीत की उम्मीद नहीं कर सकता।
पांच घंटे से ज्यादा की ड्यूटी मुद्दा
प्रत्याशियों का कहना है कि शिक्षिकाओं को पांच घंटे की ड्यूटी का नियम है, लेकिन कॉलेजों में उनसे इससे भी ज्यादा समय तक ड्यूटी ली जा रही है। इसके अलावा दूसरा बड़ा मुद्दा मेडिकल लीव और चाइल्ड केयर लीव का है। महिला शिक्षकों का कहना है कि कई बार जरूरत होते हुए भी उनको छुट्टी नहीं दी जाती है। ऐसे में प्रत्याशी इन मुद्दों पर महिला शिक्षिकाओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
सभी 27 प्रत्याशी मैदान में
बुधवार को नाम वापस लेने का अंतिम दिन था। किसी भी शिक्षक ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। अब अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी, महासचिव पद के लिए चार प्रत्याशी, उपाध्यक्ष पद के लिए 6 प्रत्याशी, संयुक्त सचिव पद के लिए 7 प्रत्याशी, फुफुक्टा प्रतिनिधि के लिए पांच प्रत्याशी और कोषाध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशी के नाम हैं। कुल 27 प्रत्याशी चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
यह हैं महिला प्रत्याशी
अध्यक्ष पद के लिए कोई भी महिला प्रत्याशी नहीं है। तीन पुरुष प्रत्याशी वर्धमान कॉलेज से प्रो. मुकेश कुमार, हिंदू कॉलेज से प्रो. एपी सिंह और प्रो. राकेश कुमार शामिल हैं। जबकि महिला प्रत्याशियों में महामंत्री पद के लिए हिंदू कॉलेज से प्रो. प्रियांशा सिंह, उपाध्यक्ष पद के लिए केजीके कॉलेज से प्रो. ममता रानी, वर्धमान कॉलेज से डॉ. जूही अग्रवाल, संयुक्त सचिव पद के लिए एनकेबीएमजी कॉलेज से डॉ. अमिता चौधरी, गोकुलदास हिंदू गर्ल्स कॉलेज से डॉ. प्रेमलता कश्यप, दयानंद आर्य कन्या महाविद्यालय से डॉ. नीतू सिंह, एसबीडी कॉलेज धामपुर से डॉ. अर्चना, फुफुक्टा प्रतिनिधि पद के लिए एनकेबीएमजी कॉलेज से डॉ. प्रीति चौधरी, कोषाध्यक्ष पद के लिए डॉ. सुनीति लता को दावेदार बनाया गया है।
वर्जन...
चुनाव की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। नामांकन वापस नहीं लेने की वजह से 27 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। चुनाव पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ आयोजित किया जाएगा।
डॉ. पीके सिंह, मुख्य चुनाव अधिकारी, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ