मुरादाबाद। पांच दिवसीय दिवाली का उल्लास हर ओर छाया हुआ है। छोटी दिवाली पर घर-आंगन, प्रतिष्ठान, सरकारी कार्यालय और बाजार रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग हो उठे। बाजारों में सुबह से देर रात तक लोगों ने फूल, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, खील-बताशे, मिठाई और सजावट के सामान की जमकर खरीदारी की। शाम ढलते ही पूरा शहर रोशनी से नहा उठा।
ज्यादातर विभागों का दिवाली अवकाश शुरू होने से लोगों ने झालरें लगाईं। इसके बाद वे खरीदारी के लिए बाजार गए। सुबह आठ बजे से ही दुकानें खुल गई थीं। जैन मंदिर, गुरहट्टी, बाजार गंज, कोतवाली और टाउन हॉल सहित कई क्षेत्रों में दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। चौमुखा पुल, अमरोहा गेट, बर्तन बाजार, मंडी चौक, बुध बाजार और जीएमडी रोड पर भी लोगों का तांता लगा। दिन में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने आवश्यक सामान खरीदा, जबकि शाम को शहरी महिलाओं ने दिवाली का सामान लिया। घरों के लिए लाइट वाली झालर, मिट्टी के दीये और मोमबत्ती खरीदी गई, वहीं बच्चों ने पटाखे लिए। मिष्ठान्न, बर्तन और सराफा की दुकानें आकर्षक ढंग से सजी थीं, जिससे बाजार में पैर रखने की जगह नहीं मिली।
लोगों ने की पूजा सामग्री की खरीदारी
लोगों ने भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की मिट्टी व पीतल की मूर्तियों की खूब खरीदारी की। शाम होते-होते मूर्तियों के दामों में बढ़ोतरी हो गई। 25 रुपये वाली मूर्ति 40 रुपये में बेची गई। इसके अलावा शुभ दिवाली का कैलेंडर, मोरपंख, मां लक्ष्मी के पैरों के स्टीकर, शुभ-लाभ, स्वास्तिक, ओम के प्रति खासा रुझान रहा। दुकानदार दीपक रस्तोगी का कहना है कि लोगों ने सादा मूर्तियों से ज्यादा वस्त्र पहनी हुई मूर्तियों को पसंद किया है। इन मूर्तियों की कीमत सौ रुपये से शुरू हुई।
शगुन के लिए खरीदे मिट्टी के दीये, 200 रुपये किलो गेंदा
प्रमुख बाजारों के अलावा गली-मोहल्ले में दिनभर दीये बेचने वाले घूमते रहे। छोटे दीये के साथ एक बड़ा दीया और पांच दीयों का जोड़ा लोगों ने खरीदा। सादा दीयों के साथ रंगीन दीये, इलेक्ट्रिक दीये, मोम के दीये, मैटल के दीये, पीतल के दीये लोगों की पसंद में सबसे ऊपर रहे। इसके अलावा गेंदा की कीमतों में भी उछाल आ गया। दुकानदार प्रदीप ने बताया कि गेंदा वाली झालर की कीमत दो सौ रुपये किलो है। कमल की कली 50 रुपये प्रति पीस है। गेंदे के फूलों की छोटी माला 30 से 50 रुपये है।
लाइन में लगकर खरीदी मिठाई
माता लक्ष्मी और भगवान गणेश को भोग लगाने के लिए लोगों ने मिठाई खरीदी। मोदक और काजू की बर्फी को ज्यादा पसंद किया गया। प्रमुख दुकानों पर लोगों को मिठाई खरीदने के लिए काफी देर तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। हालांकि गिफ्ट में देने के लिए इस बार पैक्ड मिठाई का ज्यादा चलन रहा। मिष्ठान विक्रेताओं के अलावा गिफ्ट की दुकानों और किराना वालों के यहां भीड़ लगी रही।
सजावट के सामान में दिलचस्पी
दुकानों पर झूमर, लैंप, हटरी, वंदनवार, कंदील, झालर की महिलाओं ने दिल खोलकर खरीदारी की। कपड़े और प्लास्टिक के फूल, ग्लिटर बास्केट, फैंसी बंच को भी पसंद किया गया। लेजर लाइट के लिए युवाओं का उत्साह रहा। इसके अलावा बिजली की झालरों की दुकानों पर भी भीड़ रही।
शोरूम में करना पड़ा इंतजार
दुकानों के अलावा खरीदारी करने के लिए शोरूम में खूब भीड़ उमड़ी। लोगों ने सजावट, पूजा, मिष्ठान, बर्तन आदि को एक ही जगह से खरीदने में सुविधा महसूस की। लेकिन भुगतान करने में उन्हें ज्यादा परेशानी हुई। अपनी बारी के लिए लाइनों में आधा से एक घंटे तक का समय लग गया।
सराफा दुकानों पर रही रौनक
मंडी चौक सराफा कमेटी के महामंत्री नितिन रस्तोगी ने बताया कि शुक्रवार रात दो बजे तक बाजार खुले थे। धनतेरस के दिन सिक्का खरीदने से वंचित रह गए लोगों ने शनिवार को खरीदारी की। पूजन के लिए लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, उपहार में देने के लिए राधा-कृष्ण, साईं बाबा, भगवान विष्णु-लक्ष्मी की मूर्तियां खरीदी गईं। इसके अलावा आभूषणों की भी बिक्री हुई। सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट ने ग्राहकों में खरीदारी का उत्साह जगाया था। शादी के आभूषणों की भी खरीदारी की गई। शुक्रवार के रुझान ने सभी सराफा व्यवसायी खुश हैं।