मुरादाबाद। सहकारी गन्ना विकास समिति की बैठक के दौरान गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं होने पर किसानों ने दो मिल प्रबंधन के खिलाफ रोष जताया। आरोप लगाया कि चीनी मिल बेलवाड़ा और बिलारी ने पूरा भुगतान नहीं किया है। इससे किसान परेशान हैं।
सहकारी गन्ना विकास समिति मुरादाबाद की सामान्य निकाय की बैठक गन्ना समिति हाल में शनिवार को आयोजित की गई। बैठक में चीनी मिलों के प्रतिनिधि भी शामिल रहे। बताया गया कि चीनी मिल बेलवाड़ा ने वर्तमान समय में मात्र 73 प्रतिशत और चीनी मिल बिलारी ने 63 प्रतिशत गन्ना मूल्य भुगतान किया है। अभी किसानों के करोड़ों रुपये चीनी मिलों पर बकाया हैं।
समिति के उपाध्यक्ष कपिल देव सिंह ने गन्ना मूल्य भुगतान शीघ्र करने का प्रस्ताव रखा। कृषकों की बीज आदि समस्याओं के बारे में विचार किया गया। इस दौरान सभापति दुर्गापाल सिंह ने किसानों की समस्याओं के निराकरण कराने का आश्वासन दिया। समिति का वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में अनुमानित आय 1115.31 लाख रुपये, प्रस्तावित व्यय 550.12 लाख रुपये पेश किया गया। बजट में 565.19 लाख रुपये बचत का प्रस्ताव सर्व सम्मति से पारित किया। ब्यूरो