मुरादाबाद। एमडीए ने चार दशकों में एक सुव्यवस्थित एवं समावेशी शहरी विकास की दिशा में अहम योगदान दिया है। यह हमारी प्रतिबद्धता और प्रशासनिक दक्षता का परिणाम है कि आज मुरादाबाद एक सुसंगठित, आधुनिक एवं प्रगतिशील शहर के रूप में उभर रहा है। आने वाले वर्षों में हम नागरिक सुविधाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाने के लिए कार्य करेंगे। एमडीए के उपाध्यक्ष शैलेष कुमार ने 45वें स्थापना दिवस पर ये बातें कहीं। उन्होंने बताया कि शहर के विकास में प्राधिकरण ने शहरी आवासीय योजनाएं, नियोजित टाउनशिप को स्थापित किया। शहर की प्रमुख सड़कों, ओवर ब्रिज निर्माण की दिशा में प्राधिकरण ने बढ़ चढ़कर कार्य किया। व्यावसायिक एवं औद्योगिक परिसरों के साथ वाणिज्यिक भवनों की स्थापना का कार्य किया। पर्यावरण संरक्षण के लिए उद्यानों एवं झीलों का सौंदर्यीकरण किया।
जल निकासी प्रणाली, स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन योजना का क्रियान्वयन भी किया। समारोह में 29 मार्च 1981 से 29 मार्च 2025 तक के शहरी विकास यात्रा को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया गया। एमडीए उपाध्यक्ष शैलेष कुमार और सचिव अंजूलता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस दौरान 22 अधिकारियों और कर्मचारियों को ट्राॅफी और 49 कर्मचारियों प्रशस्तिपत्र से सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष संजय कुमार सत्संगी और महामंत्री विजय दूबे भी शामिल हैं। ब्यूरो