बिलारी। पंचायतराज विभाग की ओर से शुक्रवार सुबह ब्लॉक की ग्राम पंचायत पीपली चक और रामनगर गंगपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन हुआ।
इस दौरान पात्र गरीबों के राशन कार्ड न बनने और बेहतर बिजली न मिलने की समस्या प्रमुखता से उठी। चौपाल में पंचायतराज विभाग को छोड़कर अन्य किसी भी सरकारी विभाग के अधिकारी नहीं पहुंचे।
पीपली चक के पंचायत सचिवालय पर आयोजित ग्राम चौपाल में मुख्य अतिथि के तौर पर बीडीओ बिलारी नरेशपाल सिंह पहुंचे। बीडीओ ने ग्रामीणों को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याण की योजनाएं बताईं। बीडीओ ने फार्मर रजिस्ट्री और फैमिली आइडी कार्यक्रम की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने कई पात्र गरीबों के नए राशन कार्ड न बनने, राशन कोटेदार द्वारा यूनिट के हिसाब से निर्धारित मात्रा का राशन न दिए जाने, ग्रामीण उपभोक्ताओं को निर्धारित शेडयूल की पूरी बिजली न मिलने आदि समस्याएं बताईं।
रामनगर गंगपुर के पंचायत सचिवालय पर आयोजित ग्राम चौपाल में मुख्य अतिथि के तौर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार पहुंचे उन्होंने ग्रामीणों को पंचायतराज विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों ने हरस्वरूप के घर से पंचायत सचिवालय तक और यशपाल मौर्य के घर से मढैयां स्कूल तक सड़क बनवाए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।