मुरादाबाद। मंडल के जिलों में जलजीवन मिशन के तहत हर घर सहूलियत से जल पहुंचने का सपना तो पूरा हुआ नहीं, इसके काम के नाम पर सड़कें-रास्ते तोड़कर बदहाल ही छोड़ दिए। इससे जूझते लोगों की बेबसी अमर उजाला की टीमों ने मंडल के शहरों से लेकर गांवों तक घूमकर कैमरों में कैद कीं। जलजीवन मिशन का सच लाइव तस्वीरों के साथ अखबार से उजागर हुआ तो यह गंभीर समस्या जनप्रतिनिधियों के एजेंडे में भी आ गई। विधानसभा सत्र के दौरान बोलने का अवसर मिलते ही विधायक इस मामले में मुखर हो रहे हैं।
कांठ के विधायक कमाल अख्तर ने सदन में कहा कि मंडल में जलजीवन मिशन का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। बिलारी के विधायक मोहम्मद फहीम ने कहा कि क्षेत्र में बनी टंकियों से पानी घरों तक नहीं पहुंचा। ठाकुरद्वारा के विधायक नवाबजान और देहात सीट से विधायक हाजी नासिर कुरैशी ने बताया कि वह इस मुद्दे को सदन में उठाने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
जलजीवन मिशन के तहत मुरादाबाद जिले में 800 करोड़ की लागत से 564 ओवरहेड टैंक बनने हैं। 2020 में शुरू हुए मिशन के कामों को 2025 में पूरा होना था। अभी तक फेज-2 में 180 में से 93 ओवरहेड टैंक ही बन पाए हैं। वहीं फेज-3 में 384 ओवरहेड टैंक बनने हैं लेकिन अब तक एक टैंक का निर्माण भी पूरा नहीं हुआ। घरों तक पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाई जानी है। इसके लिए ग्राम पंचायतों की सड़कें खोद डालीं, जबकि अधिकांश स्थानों पर इनकी मरम्मत नहीं की गई। कुछ जगह मरम्मत के नाम पर मिट्टी तो कहीं रोड़ा डालकर खिसक लिए। बारिश होने या नालियां उफनाने से इन रास्तों की और दुर्दशा हो गई। क्या स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं, क्या मरीज और क्या आम लोग इन रास्तों के इस्तेमाल से या तो हादसाग्रस्त हो रहे हैं या धूल-कीचड़ से अपने कपड़े खराब करने को मजबूर होते हैं। लगभग यही हाल मंडल के रामपुर, अमरोहा और संभल जिलों का भी है।
00
कागजों तक सिमटा जलजीवन मिशन : कमाल
संवाद न्यूज एजेंसी
अमरोहा। कांठ के विधायक और प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री कमाल अख्तर ने विधानसभा में जलजीवन मिशन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि स्वच्छ पानी जीवन की सबसे बुनियादी जरूरत है लेकिन लोगों तक साफ पानी नहीं पहुंचा। जलजीवन मिशन जमीन पर उतरने के बजाय सिर्फ कागजों और आधे-अधूरे ढांचों तक सिमट कर रह गया है।
विधायक ने मंडल के मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर और संभल सहित पश्चिमी यूपी के कई जिलों में इसकी बदहाली का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में ग्रामीण आज भी स्वच्छ पेयजल के लिए तरस रहे हैं। दूषित पानी से लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं लेकिन प्रशासन और आला अफसर आंखें मूंदे बैठे हैं।
उन्होंने योजना के क्रियान्वयन के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई गांवों में ओवरहेड टैंक की व्यवस्था तो कर दी गई लेकिन पाइपलाइन का जाल पूरे गांव तक नहीं बिछाया गया, जिससे अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक साफ पानी नहीं पहुंच पा रहा।
00
सड़कों की बदहाली से लोग हो रहे परेशान
सदन में विधायक कमाल अख्तर ने कहा कि पाइप डालने के नाम पर गांवों की पक्की सड़कें खोद दी गईं लेकिन उनकी मरम्मत नहीं की गई। इससे अब जलभराव और कीचड़ की नई समस्या पैदा हो गई है।
00
कामों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए
विधायक कमाल अख्तर ने सरकार से मांग की कि जलजीवन मिशन के तहत हो रहे कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। कहा कि लापरवाही और मनमानी से सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। पाइपलाइन की खराब गुणवत्ता की बात भी सामने आ रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि हर घर तक साफ पानी सुनिश्चित करने के लिए गुणवत्ता वाली पाइपलाइनों की गहराई बढ़ाई जाए। साथ ही खोदी हुई सड़कों का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए।
00
नई काॅलोनियों को नहीं मिल रहा पानी
विधायक कमाल अख्तर ने सदन में कहा कि हसनपुर में बाहरी एवं नई कॉलोनियों से जलकर तो वसूला जा रहा है लेकिन वहां पानी की आपूर्ति नहीं है। नगर पालिका द्वारा पानी की आपूर्ति के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाना चाहिए, जिससे लोगों को पेयजल की उचित व्यवस्था हो सके।
00
अधूरी टंकियों का निर्माण जल्द पूरा हो
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलारी। विधानसभा सत्र में सपा विधायक मोहम्मद फहीम ने क्षेत्र के कई मुद्दों को उठाया। इसमें जलजीवन मिशन का मुद्दा प्रमुख रूप से रखा। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गांव मुंडिया राजा, बिचौला, बहादरपुर, बेहटा सरथल, अमरपुरकाशी, भिड़वारी, ग्वारखेड़ा, चांदपुर गनेश, शेरपुर माफी, हाथीपुर चित्तू, महलोली और पीतपुर आदि में ओवरहेड टैंक अधूरे पड़े हैं। विधायक ने टंकी का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग उठाई।
00
- बृहस्पतिवार को मुझे सदन में बोलने का माैका मिल सकता है। सदन में जनता से जुड़े मुद्दे उठाएंगे। इनमें जलजीवन मिशन प्रमुख है। इसके अलावा क्षेत्र की सड़कें भी क्षतिग्रस्त हैं। बिजली आपूर्ति में समस्या का मुद्दा भी उठाएंगे। - नवाबजान, विधायक ठाकुद्वारा
00
- सदन में अभी मुझे बोलने का माैका नहीं मिला है। आज-कल में मेरा नंबर आ जाएगा। विधानसभा क्षेत्र में जलजीवन मिशन का मुद्दा प्रमुख है। क्षेत्र से इसकी शिकायतें अधिक आती हैं। इसके अलावा सड़क की भी समस्या है। - हाजी नासिर कुरैशी, विधायक, देहात