ठाकुरद्वारा। नगर पालिका परिषद ने नगर के नागरिकों पर हाउस टैक्स को बढ़ाकर कई गुना कर दिया है। नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह ने कहा है कि बढ़ाया गया हाउस टैक्स कम नहीं होगा।
बढ़ाए गए हाउस टैक्स के विरोध में करीब 22 दिन पूर्व विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन कर प्रदेश के मुख्यमंत्री को इस संबंध में ज्ञापन भेजा था। हाउस टैक्स को बहुत अधिक बता कर इस कम करने की मांग की थी। करीब 18000 व्यावसायिक और आवासीय भवनों पर हाउस टैक्स बढ़ाया गया है। इसके अलावा सभी भवनों पर वाटर टैक्स भी देना अनिवार्य कर दिया है। लगभग 1000 लोगों ने अपनी आपत्ति नगर पालिका कार्यालय में जमा की है।
इस संबंध में मंगलवार को पूर्व सभासद राजेंद्र चंद पांडेय ने अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह और अध्यक्ष इरफान सैफी से मिलकर बढ़ाए गए हाउस टैक्स को कम करने की मांग की तो अध्यक्ष ने कहा कि इस बारे में अधिशासी अधिकारी ही बता सकेंगे, क्योंकि उनके स्तर से ही यह टैक्स लगाया गया है।
वहीं अधिशासी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि हाउस टैक्स प्रदेश सरकार के निर्देशों के अंतर्गत बढ़ाया गया है। यह आदेश पूरे प्रदेश में लागू किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि बढ़ाए गए हाउस टैक्स में किसी के भवन का क्षेत्रफल गलत लिखा गया है तो उसे ठीक किया जा सकता है और उसी के आधार पर निर्धारित टैक्स कम हो सकता है। लेकिन जिन भवनों का टैक्स क्षेत्र मौजूद क्षेत्रफल और निर्धारित दर के अनुसार लगाया गया है उसे कम नहीं किया जा सकता है।