बिलारी। तहसील क्षेत्र के सहसपुर विद्युत उपखंड में आने वाले सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र के निकट विद्युत लाइन के ऊपर गिरी पेड़ की टहनी काटते समय मशीन में बंधा हाइड्रा का हुक टूटने से संविदा विद्युत कर्मी की सिर के बल नीचे गिरकर मौत हो गई।संविदाकर्मी के गांव के लोगों ने सीएचसी बिलारी पहुंचकर एसडीओ और जेई पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। बाद में एसडीओ और जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने को तहरीर दी।
थाना बिलारी के खंडुआ गांव निवासी छोटलाल राजभर का बेटा मनोज राजभर (40) बीते लगभग दस वर्ष से सहसपुर विद्युत उपखंड के अधीन सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र पर संविदा विद्युत कर्मी के रूप में कार्यरत था। सोमवार सुबह तेज बारिश होने और हवा चलने से सफीलपुर विद्युत केंद्र के निकट ही हाईवे के किनारे होकर जा रही विद्युत लाइन पर पेड़ की टहनी टूटकर गिर जाने से ब्रेकडाउन हो गया। लाइन की पैट्रोलिंग के बाद ब्रेकडाउन वाला स्थान पता लग जाने पर विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारी जेसीबी में हाइड्रा बांधकर विद्युत लाइन पर गिरीं पेड़ की टहनियां काटने के लिए मौके पर पहुंचे। विद्युत कर्मी मनोज राजभर को ऊपर चढ़ाया गया और वह हाइड्रा की मदद से विद्युत लाइन पर गिरे पेड़ की टहनी काटने लगा। इस दौरान झटके साथ जेसीबी में लगा हाईड्रा टूट गया और हाईड्रा नीचे गिरने के साथ ही संविदा कर्मी मनोज राजभर भी झटके के साथ सिर के बल नीचे गिरा और बेहोश हो गया।
साथी संविदा कर्मी के नीचे गिरकर बेहोश हो जाने पर अन्य विद्युत कर्मियों के होश उड़ गए। विद्युत कर्मी एक निजी वाहन से मनोज राजभर को इलाज कराने के उद्देश्य से सीएचसी बिलारी लेकर पहुंचे। जैसे ही चिकित्सक ने देखकर संविदा कर्मी को मृत घोषित कर दिया तभी विद्युत कर्मी उसके शव को छोड़कर इधर उधर खिसक लिए। अस्पताल से जब संविदाकर्मी की मृत्यू हो जाने की सूचना संबंधी मीमो थाना बिलारी पहुंचा तब पुलिस सीएचसी पहुंची। पुलिस की सूचना पर खंडुआ गांव के प्रधान रविंद्र चौधरी के साथ मृतक के परिजन और अनेक ग्रामीण सीएचसी पहुंच गए।
स्वास्थ्य कर्मियों ने जब खंडुआ के ग्रामीणों को यह बताया कि संविदा विद्युत कर्मी को अस्पताल लाने वाले उसके साथी फाैरन ही इधर उधर खिसक लिए तब ग्रामीणों में गुस्सा भड़क गया। ग्रामीणों ने सीएचसी के गेट पर जमा होकर विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। थाना प्रभारी अमरनाथ वर्मा ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। बाद में मृतक के पिता छोटेलाल ने बिलारी पुलिस को तहरीर देकर सहसपुर विद्युत उपखंड के एसडीओ और सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग उठाई। थाना प्रभारी ने बताया कि मिली शिकायत की जांच की जा रही है। संविदा कर्मी की मौत हो जाने का सही कारण जानने के लिए उसके शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।
सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र पर तैनात संविदा विद्युत कर्मी मनोज राजभर अपने परिवार की गुूजर बसर का अकेला सहारा था। वह साथी विद्युत कर्मियों में मिलनसार स्वभाव का और काम के प्रति मेहनती था। मनोज के परिवार में पत्नी पार्वती के अलावा दो बेटियां वंशिका और वंदना तथा दो बेटे रजत और लकी हैं। परिवार में दो छोटे भाई राजेश और राजा भी हैं। हादसे में मनोज की मौत हो जाने की खबर पर सीएचसी बिलारी पर पहुंची मृतक के परिवार की महिलाएं उसका शव पड़ा देख रो रोकर बेहाल हो गईं।
जिस समय सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र के निकट होकर जा रही विद्युत लाइन पर गिरे पेड़ की टहनी संविदा विद्युत कर्मी मनोज राजभर जेसीबी के हाइड्रा की मदद से काट रहा था उस समय साथी विद्युत कर्मी अपने मोबाइल से वीडियो बना रहा था। संविदा कर्मी के नीचे गिरकर मौत हो जाने की घटना के बाद घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस को भी यही वीडियो दिखाते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
बिलारी के खंडुआ गांव निवासी मृतक संविदा विद्युत कर्मी मनोज राजभर का फाइल फोटो-स्रोत परिजन
बिलारी के खंडुआ गांव निवासी मृतक संविदा विद्युत कर्मी मनोज राजभर का फाइल फोटो-स्रोत परिजन
बिलारी के खंडुआ गांव निवासी मृतक संविदा विद्युत कर्मी मनोज राजभर का फाइल फोटो-स्रोत परिजन