लिरी कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया चरस बेचने का आरोपी
- फोटो : BILARI
बिलारी (मुरादाबाद)। कोतवाली पुलिस ने रविवार को चरस का धंधा करने वाले गिरोह के मुखिया को शाहबाद रोड शमशान घाट के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से आधा किलो चरस, तमंचा और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, बिलारी नगर के मोहल्ला अंसारियान फुलवार रोड निवासी शकील उर्फ बब्लू नशीले पदार्थ बेचने वाले गिरोह का मुखिया है। वह बरेली जनपद से चरस समेत अन्य नशीले पदार्थ खरीदकर अपने गुर्गों के माध्यम से बिलारी क्षेत्र में बेच देता है। रविवार को सूचना के आधार पर दरोगा गिरिजेश बहादुर यादव के साथ सिपाही वीरेंद्र सिंह और आशुतोष यादव नगर में शाहबाद रोड शमशान घाट के पास पहुंचे। यहां से पुलिस की टीम ने भागने की तैयारी कर रहे शकील उर्फ बब्लू को घेराबंदी कर दबोच लिया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी शकील की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक कारतूस, 500 ग्राम चरस और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया है। आरोपी के पास से मिली चरस की कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई जा रही है। कोतवाली प्रभारी के अनुसार गिरफ्तार बब्लू पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर है और वह पहले भी जेल जा चुका है। बब्लू ने पुलिस पूछताछ में अपने गुर्गों और सहयोगियों के नाम भी बता दिए हैं। पुलिस उनकी तलाश में भी जुटी है।