बिलारी। थाना क्षेत्र के सैदनगर गांव निवासी युवती का रिश्ता तय हो जाने के बाद दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी करने से इन्कार कर दिया गया। इस मामले में दो महिलाओं समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सैदनगर निवासी सोमपाल सिंह की ओर से रविवार शाम थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार उसकी बेटी का रिश्ता दिल्ली के थाना गीता कॉलोनी अंतर्गत मोहल्ला झील स्कूटर मार्केट निवासी बाबूराम के बेटे पवन से तय हुआ था। एक दिसंबर को पवन और परिवार के लोगाें ने सैदनगर गांव आकर रिंक सेरेमनी भी की।
बेटी के होने वाले ससुराल पक्ष के लोगों को 51 हजार रुपये नकद, सोने की एक अंगूठी और कुछ कीमती सामान दिया लेकिन सामान से पवन के घरवाले संतुष्ट नहीं हुए। पवन के अलावा उसके पिता बाबूराम, बहन राधिका, माता और बिचौलिया जयराम ने शादी से पहले ही दहेज में पांच लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल देने की मांग शुरू कर दी।
सोमपाल सिंह के अनुसार जब पांच लाख की नकदी और बाइक देने में असमर्थता जताई तब शादी करने से इन्कार कर दिया। इस घटना के बाद उसे समाज में भी काफी अपमानित होना पड़ा। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।