मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में प्रेम विवाह से नाराज भाइयों ने एक युवती को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। युवती के दोनों पैर और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में युवती के सगे, तहेरे और चचेरे भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गणेश घाट गांव की है।
गांव में रहने वाली युवती अर्चना (26) और गांव के ही सुनील के बीच चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती ने पुलिस को बताया कि वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार के लोग इसके लिए तैयार नहीं थे। 15 मार्च को वह अपने प्रेमी के साथ रामपुर चली गई थी और वहां पार्क में शादी कर ली थी। इसके बाद 20 मार्च को कोर्ट मैरिज भी कर ली। युवती ने बताया कि इसके बाद वह सुनील के साथ उसकी मौसी के घर काशीपुर चली गई थी। तीन दिन पहले ही अर्चना और सुनील गांव लौट आए थे।
इसकी जानकारी युवती के परिवार को चल गई थी। सोमवार दोपहर युवती अपनी सास प्रभा के साथ घर में मौजूद थी। इसी दौरान युवती के परिजन पहुंच गए और उन्होंने युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसे खींचकर अपने घर ले गए। आरोप है कि भाइयों ने यहां लाठी-डंडों से पीट कर उसे अधमरा कर दिया। शोर शराबा सुनकर आस पड़ोस के लोग आ गए और उन्होंने किसी तरह युवती को बचाया। इसके बाद युवती को अस्पताल भिजवा दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और युवती के बयान दर्ज किए। मूंढापांडे थाने में पुलिस ने युवती के भाई सोनू, तहेरे भाई प्रदीप व संजय और चचेरे भाई राजकुमार के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।