मझोला थाना क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय युवती घर से 31 लाख रुपये की नकदी और अपनी भाभी के जेवर लेकर प्रेमी संग भाग गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो वह अपने प्रेमी के साथ जाती दिखी।
युवती के पिता ने आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। युवती के पिता ने बताया कि 16 जुलाई की सुबह करीब सात बजे परिवार के लोग जागे तो उसकी 20 वर्षीय बेटी घर में नहीं मिली।
परिजनों ने युवती की तलाश शुरू कर दी। जब कहीं पता नहीं चला तो सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तब पता चला कि बुधवार तड़के तीन बजे युवती घर से बाहर निकल रही है। युवती को पड़ोसी समीर और उसका दोस्त धीमरी निवासी मुजम्मिल ले जा रहे हैं।
इसके बाद घर की तलाशी ली गई तो पता चला कि युवती घर से 31 लाख रुपये और अपनी भाभी के जेवर ले गई है। पिता का आरोप है कि समीर और उसकी मां फात्मा काफी समय से घटना को अंजाम देने के प्रयास में थे।
उन्होंने आशंका जताई कि समीर, फात्मा, नबी सेन और मुजम्मिल रुपये और जेवर के लालच में उसकी बेटी के साथ अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। युवती की तलाश की जा रही है।