मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में जिम संचालक सुहेल मलिक के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैमेलिंग और धमकी देने में रिपोर्ट दर्ज कराने वाली युवती कोर्ट में मुकर गई। उसने अपने बयानों में कहा है कि उसके साथ दुष्कर्म की कोई घटना नहीं हुई है। गलतफहमी और दूसरे के बहकावे में आकर रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। पुलिस ने युवती के बयानों के आधार पर फाइनल रिपोर्ट (एफआर) लगा दी है।
सिविल लाइंस क्षेत्र में रहने वाली युवती ने 16 अप्रैल 2026 को सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया था कि चार मार्च 2022 से उसने जिम में जाना शुरू किया था। एक दिन आरोपी ने जिम में ही उसे रोक लिया और डरा धमकाकर दुष्कर्म किया। अश्लील वीडियो भी बनाया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी उसे ब्लैकमेल करने लगा और चार लाख रुपये से ज्यादा हड़प लिए।
युवती ने दर्ज कराई रिपोर्ट में यह भी दावा किया था कि आरोपी उसकी बहन का रिश्ता भी खत्म करा चुका है। इसके अलावा आरोपी ने अपने साथी सिविल लाइंस के हिमगिरी कॉलोनी युवक से कॉल करवाकर धमकी भी दिलाई थी। विवेचक ने युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कराए। कोर्ट में पीड़िता अपने बयानों से मुकर गई। उसने दुष्कर्म जैसी घटना होने से साफ इन्कार कर दिया। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर एफआर लगाई गई है। फाइनल रिपोर्ट कोर्ट में भेज दी गई है।