बिलारी। स्थानीय लक्ष्मी जी चीनी मिल की ओर से भूगर्भ जलविभाग के खाते में जमा की जाने वाली धनराशि चीनी मिल के पूर्व कर्मी ने जलविभाग के खाते में नहीं भेजी। मिल के सुरक्षा अधिकारी जब पूछताछ करने गए तब उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इस मामले में चीनी मिल के प्रशासनिक प्रबंधक ने मिल के पूर्व कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रशासनिक प्रबंधक देवेश कुमार शर्मा की ओर से बृहस्पतिवार को थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि ढकिया नरु गांव निवासी पुनीत कुमार बीते 14 साल से लगातार चीनी मिल में मुख्य महाप्रबंधक तकनीकी के पीए के पद पर कार्यरत था। जिसने बीती दस सितंबर को वॉट्सएप के जरिये मैसेज भेजकर स्वयं को बीमार होना बताकर अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। देवेश कुमार शर्मा के अनुसार पुनीत कुमार बिलारी में जनसेवा केंद्र भी चलाता है। इस वजह से पहले से ही पुनीत कुमार से कंपनी के अनेक सरकारी कंप्लायंस और सरकारी लेनदेन को भी करवाया जाता रहा है। कंपनी के लक्ष्मी जी चीनी मिल में दो और राणा पॉवर लिमिटेड में एक ट्यूबवेल है जिसकी एनओसी लेने के लिए भूगर्भ जलविभाग मुरादाबाद में निर्धारित धनराशि जमा करनी पड़ती है। चीनी मिल की ओर से भूगर्भ जलविभाग को जमा की जाने वाली धनराशि पुनीत कुमार के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी गई लेकिन जब भूगर्भ जलविभाग से एनओसी जारी करने में देरी हुई तब पता चला कि फीस जमा नहीं की गई है।
देवेश कुमार शर्मा के अनुसार पहले तो आरोपी पुनीत कुमार निवेश मित्र की वेबसाइट में तकनीकी खराबी होने का बहाना बनाकर टालता रहा। बाद में जब चीनी मिल के सुरक्षा अधिकारी सतेंद्र राठी और मिल कर्मी शाहनवाज आरोपी के घर सत्यता की जानकारी करने गए तब आरोपी और उसकी पत्नी ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। थाना बिलारी प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मिल प्रबंधक की तहरीर पर आरोपी पूर्व मिल कर्मी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।