कांठ। क्षेत्र के गांव दरियापु्र में शनिवार को मासूम हर्ष पर तेंदुए द्वारा हमला कर उसे गंभीर घायल करने के बाद रविवार को गांव पहुंची वन विभाग की टीम ने दरियापुर, रफायतपुर, काजीपुरा के ग्रामीणों को जागरूक करते हुए तेंदुए की तलाश में यहां कॉम्बिंग भी की। साथ ही बच्चों को खेतों पर न जाने की अपील करते हुए गोष्ठी में जागरूक किया गया।
रविवार को टीम के साथ दरियापुर पहुंचे वन दरोगा पीयूष जोशी ने उस स्थान को भी देखा जहां शनिवार को तेंदुए ने मासूम हर्ष पर हमला कर उसे गंभीर घायल किया था। यहां कॉम्बिंग करते हुए तेंदुए की तलाश भी की गई थी, साथ ही खेतों में उसे पंजों के निशान भी टीम ने तलाशे।
इसके बाद गांव में एक जागरूकता गोष्ठी की गई। जिसमें वन दरोगा ने अपील की है कि किसान खेतों पर अकेले न जाएं। यदि खेतों पर जाना पड़े तो समूह के रूप में हाथों में लाठी-डंडे लेकर जाएं। शाम के समय बच्चों को घरों से न निकलने दें और बच्चों को खेतों पर न लेकर जाएं आदि अपील की गई।
इसी के साथ वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से पंपलेट भी वितरित किए। ग्रामीणों ने टीम से मांग भी की कि घूम रहे तेंदुओं को शीघ्र पकड़वाया जाए, ताकि वह निडर होकर अपने खेतों पर कृषि कार्य कर सकें।