कांठ। रास्ते में पिता को पीटने के बाद घर पर चढ़ाई कर बेटे को पीटकर घायल कर देने तथा महिलाओं से अभद्रता करने के आरोप में एक ही परिवार के दस लोगों के खिलाफ छजलैट थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
छजलैट के गांव मुंडाला की स्वाति ने दर्ज एफआईआर में कहा है कि 25 फरवरी को उसके ससुर घर लौट रहे थे। जब वह गांव में पहुंचे तो पहले से घात लगाए बैठे गांव के सोनू, अंकुश, गौरव और रोहित उसके ससुर को गालियां देने लगे। जब मना किया तो इन्होंने उन्हें पीटा। वह जैसे-तैसे इन लोगों से बचकर घर आए तो सोनू, अंकुश, गौरव, रोहित, जयवीर, मुन्हेरा, मोनू, शुभम, नितिन, गुड्डू घर में घुस आए और उसके और उसके पति दीपक से मारपीट करने लगे। इस दौरान लोहे की रॉड के वार से उसके पति के हाथ की हड्डी टूट गई। आरोप है कि आरोपियों ने उससे व उसकी सास से अभद्रता भी की। शोर पर आसपास के लोगों के एकत्र होने पर यह जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। छजलैट पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर सभी दस आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।