फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: पुरानी घटना का उलाहना देने पर की थी किसान की हत्या

Fri, 17 Oct 2025 02:53 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। पुलिस ने किसान अभिषेक उर्फ भूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। गांव के ही अनुज ने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक दावत के कार्यक्रम में दस साल पुरानी घटना में कुछ नहीं बिगाड़ पाने का उलाहना देने पर हत्या की गई थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा-कारतूस और बाइक बरामद की है।
विज्ञापन


एसपी अमित कुमार आनंद ने बृहस्पतिवार को पुलिस ऑफिस में बताया कि रविवार शाम नगर पालिका से जुड़े ठेकेदार निरंजन ने मुनव्वरपुर के रहने वाले समरपाल सिंह चौहान के श्रीभारत मशीनरी स्टोर परिसर में दावत का आयोजन किया था। इसमें हाशमपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोग शामिल हुए थे। दावत में हाशमपुर निवास किसान अभिषेक भी आए थे। उनके गांव का ही अनुज भी साथियों के साथ दावत में आया था। पुलिस ने बताया कि अभिषेक व अनुज के बीच करीब दस साल पुरानी रंजिश थी।

जनवरी 2016 में अभिषेक ने अनुज के भाई को मारी थी गोली

26 जनवरी 2016 में अभिषेक ने अनुज कुमार के भाई मनोज कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया था। इस मामले में अभिषेक व ओमवीर के खिलाफ हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया लेकिन अनुज व अभिषेक के बीच बदले की चिंगारी सुलग रही थी। पुलिस ने बताया कि दावत में सभी लोगों ने शराब पी रखी थी।
विज्ञापन


इस बीच अभिषेक ने अनुज पर तंज करते हुए पूर्व में हुई घटना का उलाहना दिया। कहा कि पूर्व में भी मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाए, आगे भी इनको सबक सिखाएंगे। यह बात अनुज को नागवार गुजरी और अनुज ने हरविंदर व मनोज के साथ योजना बनाकर अभिषेक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देकर आरोपी भाग गए थे। मामले में मृतक अभिषेक के भाई ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। साथ ही अनुज और मनोज पर पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने का शक जताया था।



सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरा की मदद से आरोपी गिरफ्तार

एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे और एसओजी व सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने आरोपी अनुज और हरविंदर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी कांठ बाईपास रोड पर छिपे थे।



पुलिस मनोज की कर रही तलाश

एसपी ने बताया कि घटना के बाद भागे मनोज व उनके साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं। जल्दी पकड़ लिया जाएगा।



दावत करने का उद्देश्य क्या था पुलिस कर रही जांच

कांठ रोड स्थित श्री भारत मशीनरी स्टोर परिसर में निरंजन ने दावत का आयोजन क्यों और किस उद्देश्य से किया था। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। चर्चा है कि दिवाली से पहले क्षेत्र के कुछ चुनिंदा लोगों को दावत दी गई थी लेकिन दावत के पीछे का उद्देश्य क्या था यह स्पष्ट नहीं है। चर्चा यह भी है कि हाशमपुर गांव और आसपास का इलाका नगर पालिका अमरोहा के वार्ड 12 में आता है। इसलिए दावत के जरिए आने वाले चुनाव की तैयारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें