बिलारी। शेरपुर माफी गांव निवासी मजदूर राकेश के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन थाने के निकट शव रखी एम्बुलेंस लेकर रुक गए और मिल प्रबंधन से अपनी मांगें रखीं। स्थानीय सपा विधायक ने मजदूर के परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया और सार्थक प्रयास करके मिल प्रबंधन से आर्थिक मदद दिलाने के अलावा मजदूर के बेटे को नौकरी मिलने का आश्वासन भी दिलाया।
स्थानीय चीनी मिल में गन्ना पेराई करने वाली चेन के पास बुधवार शाम गन्ना डालते समय चीनी मिल का दैनिक मजदूर शेरपुर माफी गांव निवासी राकेश असंतुलित होकर गिर गया था बाद में उपचार के लिए सीएचसी बिलारी ले जाने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया था। बृहस्पतिवार सुबह मजदूर के शव का पंचनामा भरे जाने की प्रक्रिया में देरी होने की वजह से पोस्टमार्टम भी देर से हुआ। बृहस्पतिवार शाम लगभग पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद मजदूर का शव लेकर परिजन एंबुलेंस से बिलारी आए और एम्बुलेंस को थाने के निकट खड़ी करके थाने में पहुंचकर मिल प्रबंधतंत्र से अपनी मांगें रखीं। मजदूर के परिजनों और रिश्तेदारों ने मिल प्रबंधन पर हादसे की तत्काल सूचना न देने का भी आरोप लगाया।
मजदूर के परिजनों के बुलावे पर स्थानीय सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान सीधे थाने पहुंच गए और आक्रोशित परिजनों तथा रिश्तेदारों को समझाबुझाकर शांत किया। सपा विधायक ने चीनी मिल के अधिकारियों से भी वार्ता की और मानवता के नाते मृतक के आश्रितों की मदद करने को कहा। सपा विधायक के सार्थक प्रयासों से मिल प्रबंधन ने मृतक मजदूर के दो बेटों और एक बेटी के नाम आर्थिक मदद संबंधी धनराशि के चेक देने के अलावा मृतक के एक बेटे को उसकी योग्यता अनुसार नौकरी देने का भी आश्वासन दिया। अंत में सपा विधायक के समझाने पर परिजन और रिश्तेदार मृतक का शव लेकर अंतिम संस्कार करने चले गए।