कांठ। नगर के श्री रामलीला मैदान में पांच नवंबर की रात होने वाले मां भगवती के भव्य 18वें विशाल जागरण में स्थापित करने के लिए हिमाचल प्रदेश स्थित मां ज्वाला देवी मंदिर (शक्तिपीठ) से अखंड ज्योत लाने के लिए गया बम बटक एकता मंच का 11 सदस्यीय जत्था मंगलवार शाम ज्योित लेकर मंदिर से कांठ के लिए रवाना हो गया है।
बुधवार की सुबह यह जत्था अखंड ज्योति लेकर कांठ नगर स्थित स्वामी चंद्रप्रकाश जी की तपोस्थली श्री गुरु जम्भेश्वर आश्रम भूड़ टीबा मंदिर पर पहुंचेगा। यहां से धूमधाम के साथ मां ज्वाला देवी अखंड ज्योति शोभायात्रा निकाली जाएगी।
यह यात्रा भूड़ मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग से होते हुए श्री रामलीला परिसर स्थित मां काली मंदिर पर पहुंचेगी। यहां ज्योति कर विराजमान किया जाएगा। इसके बाद बृहस्पतिवार की शाम मंदिर से ही अखंड ज्योति उठाकर देवी के जागरण में स्थापित किया जाएगा।
जागरण की शुरुआत अति विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता मुकेश माहेश्वरी और पूजन अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा जिलाध्यक्ष आचार्य भावेश शर्मा करेंगे। अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य विनोद कुमार सैनी और भाजपा की जिला उपाध्यक्ष आदेश चौधरी भी रहेंगे।