मुरादाबाद। मानसरोवर कॉलोनी में निर्यातक अरविंद वडेरा की कोठी में हुई लूटपाट और गार्ड कमलेश पर हमले की घटना का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। इस वारदात को कोठी में सीसीटीवी कैमरे लगाने वाले इलेक्ट्रिशियन नरेंद्र सिंह ने अपने साथी मनोज उर्फ संजू और सोनू के साथ मिलकर अंजाम दिया था। शुक्रवार की दोपहर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीनों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी नरेंद्र की पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कोठी से लूटा गया करीब सात लाख रुपये की कीमत का सामान बरामद कर लिया है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि शहर की पॉश कॉलोनी मानसरोवर स्थित निर्यातक की कोठी में हुई घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई थीं। आस पड़ोस के मकानों और सेफ सिटी के तहत शहर में लगाए गए कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके जरिए एक बदमाश नरेंद्र सिंह की तस्दीक हो गई। मझोला के मोहल्ला विष्णु नगर ढक्का निवासी नरेंद्र के घर पुलिस ने दबिश दी तो वह नहीं मिला। इसके बाद टीमें नरेंद्र और उसके साथियों की तलाश में जुट गई। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस मझोला के हर्बल पार्क पास बदमाशों की तलाश में जुटी थी। तभी एक कार आती दिखी तो पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने के लिए हाथ दिया लेकिन उन्होंने पुलिस पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। इसी दौरान मोड़ पर आरोपियों की कार रुक गई। आरोपी कार से उतरकर भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इस दौरान पैर में गोली लगने से आरोपी नरेंद्र सिंह वहीं गिर गया। पुलिस ने उसे दबोच लिया जबकि उसके साथ कार में मौजूद मझोला के कांशीराम नगर निवासी मनोज उर्फ संजू और कटघर के भदौड़ा डबल फाटक निवासी सोनू को गिरफ्तार कर लिया।आरोपियों की कार से निर्यातक के घर से लूटा गया सभी माल बरामद कर लिया।
पुलिस ने घायल नरेंद्र का जिला अस्पताल में इलाज कराकर उससे पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि इलेक्टि्रेशियन है। उसने निर्यातक की कोठी में सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। निर्यातक ने कुछ और काम करने के लिए कहा। उसने निर्यातक को कॉल की तो उन्होंने बताया कि वह बाहर हैं। इसी दौरान उसने साथियों के साथ साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार शाम पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि खुलासा करने वाली टीम को दस हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
00
इस तरह हुई थी घटना
मुरादाबाद। बुधवार की रात करीब दो बजे निर्यातक की कोठी में गेट और दीवार फांदकर नकाबपोश तीन बदमाश घुस गए थे। गेट नंबर एक के पास गार्ड रूम में सो रहे मिलन विहार निवासी गार्ड कमलेश पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। उसके हाथ-पैर बांध कर बेसमेंट में कमरे में बंद कर दिया था। इसके बाद बदमाश कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर करीब सात लाख रुपये के चांदी के बर्तन, मंदिर से चांदी की मूर्तियां और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर उखाड़ कर ले गए थे। सुबह दूसरे गार्ड तोताराम के पहुंचने पर पता चला कि गेट अंदर से बंद है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची ओर गेट खोलकर घायल कमलेश को कमरे से निकालकर अस्पताल में भर्ती करा दिया था।
000
यह सामान हुआ बरामद
- छह चांदी के गिलास, चांदी का जग, चांदी का ट्रे, एक थाल चांदी, चांदी का एक कछुआ, चांदी का लोटा, चांदी का कलश, चांदी का शेष नाग, एक चांदी कार्तिकेय मूर्ति, चांदी के गणेश भगवान, चांदी की नंदी, चांदी की पूजा चौकी, चांदी का एक छत्र, चांदी का कलश स्टैंड, चांदी की मूर्तियों के टूटे हुए टुकड़े। इस सामान का कुल वजन 4.280 किलोग्राम हैं। इसके अलावा पुलिस ने लोहे की रॉड, डीवीआर, सीपीप्लस और कंडक्टर एक कार, तमंचा, कारतूस और चाकू भी बरामद किया है।