अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मांग पर दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के आह्वान पर मुरादाबाद बंद को व्यापक समर्थन मिला। बुधवार को विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के साथ जीआईसी चाैराहे से कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया। मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की गई। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया। वहीं मंडल में अमरोहा, रामपुर, संभल और बिजनाैर में भी इस मांग के समर्थन में अधिवक्ता आंदोलित रहे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति के आह्वान पर दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी मुरादाबाद के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता के नेतृत्व में अधिवक्ता बुधवार को सड़क पर उतरे। सुबह घने कोहरे और कड़ाके की सर्दी के बावजूद कचहरी परिसर में वकीलों, स्टांप विक्रेता, टाइपिस्ट आदि के चैंबर तो सुबह से ही बंद रहे। सभी बार एसोसिएशन व टैक्स बार एसोसिएशनों के अधिवक्ता कचहरी परिसर में ही एकत्र हुए। यहां से जुलूस के रूप में जीआईसी चाैराहे पर पहुंचे। यहां पहले से ही व्यापारिक, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में माैजूद रहे। यहां पर सभी ने मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। दोपहर को यहां से पैदल मार्च शुरू किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिला और युवा अधिवक्ता शामिल हुए। यहां से अधिवक्ता फैजगंज चौक, पान दरीबा, मंडी चौक, बर्तन बाजार, अमरोहा गेट, चौमुखा पुल, कोतवाली व बाजार गंज होते हुए गुरहट्टी पहुंचे। इस दौरान अधिवक्ता लेकर रहेंगे हाईकोर्ट बेंच, हमें चाहिए हाईकोर्ट बेंच जैसे नारे लगाते हुए कलक्ट्रेट परिसर दाखिल हुए। जहां हाईकोर्ट बेंच की मांग के समर्थन में नारेबाजी की गई और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया।
वहीं पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग अमरोहा, रामपुर सहित आसपास के जिलों में जोरदार तरीके से उठाई गई। इन जिलों में भी अधिवक्ताओं ने स्थानीय संगठनों के साथ मिलकर जुलूस निकाले। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपे हैं।
000
जनांदोलन बनती जा रही हाईकोर्ट बेंच की मांग : आनंद मोहन
ज्ञापन साैंपने के बाद आंदोलन की अगुवाई कर रहे बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने कहा कि पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच की मांग अब जनांदोलन बनती जा रही है। उन्होंने अधिवक्ताओं सहित सौ से अधिक संगठनों के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों, दुकानदारों व अन्य सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए दावा किया कि मुरादाबाद बंद सफल रहा है। लोगों ने इस मांग को अभूतपूर्व समर्थन दिया है। सपा, बसपा, कांग्रेस व भाजपा सहित कई राजनीतिक, व्यापारिक, सामाजिक व किसान संगठनों ने भी खुलकर समर्थन दिया है।
पैदल मार्च करने वालों पर फूल बरसाए
पैदल मार्च के दौरान व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने रास्ते में कई स्थानों पर कड़ाके की सर्दी को देखते हुए जलपान की व्यवस्था भी कर रखी थी। कोहरे के बीच पैदल चलते अधिवक्ताओं व अन्य संगठनों के पदाधिकारियों व सदस्यों को जब गर्मागर्म चाय और पकौड़े मिले तो सर्दी से भी काफी राहत मिली। कुछ लोगों ने पैदल मार्च करने वालों पर फूल भी बरसाए जिससे अधिवक्ताओं और सहयोगी संगठनों के पदाधिकारियों का उत्साह और बढ़ता गया।
पुलिस ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
अधिवक्ताओं की अगुवाई में विभिन्न संगठनों के पैदल मार्च को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए थे। जिस मार्ग से अधिवक्ताओं को जाना और वापस आना था, खासकर उन मार्गों पर सुबह से ही पुलिस कर्मचारियों को तैनात कर दिया गया था। अधिवक्ता अपनी-अपनी एसोसिएशन के साथ समूह के रूप में चल रहे थे। यही स्थिति अन्य संगठनों की भी थी। वह भी साथियों के साथ समूहों के रूप में अपने संगठन का बैनर लेकर चल रहे थे, ताकि उनकी सहभागिता की पहचान हो अलग से भी हो सके। किसान भी हरे गमछे में नजर आए।