सिरसवां दोराहा (मुरादाबाद)। पांच दिन से लापता गांव चकरपुर-पूरनपुर गांव निवासी इस्तेकार (22) का मंगलवार की शाम गांव सेहल के पास रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में सिर कटा शव मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजनों के साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव चकरपुर पूरनपुर निवासी जुल्फिकार को बेटा इस्तेकार पांच दिन से लापता था। ताऊ अखलाख ने बताया कि जुमे की नमाज के बाद उनका भतीजा अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने सोचा कि गांव में कहीं होगा, लेकिन जब रात तक वापस नहीं आया तो उसकी तलाश शुरू की। काफी तलाश के बाद उसका पता नहीं चल सका। दो दिन तक सभी रिश्तेदारियों और परिचितों के यहां भी उसकी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद रविवार को थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी।
मंगलवार की शाम डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव सेहल में रेलवे ट्रैक के पास सिर कटा शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी होने पर इस्तेकार के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और कपड़ों से उसकी शिनाख्त इस्तेकार के रूप में की। पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।