बिलारी। जिला गन्ना अधिकारी रामकिशन ने बुधवार दोपहर बाद ब्लॉक के पीपली गांव में बन रहे गन्ना किसान संस्थान के भवन निर्माण की प्रगति देखी। उन्होंने संबंधित संस्था को भवन निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
बिलारी में पीपली गांव के रकबे में जहां अटल आवासीय विद्यालय संचालित है उसके निकट ही प्रदेश सरकार द्वारा गन्ना किसान संस्थान बनवाया जा रहा है। इन दोनों परियोजनाओं को सरकार द्वारा एक साथ ही मंजूरी मिली थी। अटल आवासीय विद्यालय भवन निर्माण के लिए बजट जल्दी जारी होने पर विद्यालय भवन बनकर उसमें नियमित कक्षाएं भी शुरू हो चुकी हैं। गन्ना किसान संस्थान भवन निर्माण के लिए बजट देर से जारी होने की वजह से भवन निर्माण भी देरी से शुरू हो सका।
बुधवार दोपहर बाद जिला गन्ना अधिकारी ने निर्माण करा रही संस्था के अधिकारियों, गन्ना विभाग के अधिकारियेां और अवर अभियंता के साथ संस्थान के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासनिक कक्ष में चल रहे फिनिशिंग कार्य को भी देखा। डीसीओ ने बताया कि भवन निर्माण पूरा होने के लिए फरवरी 2026 तक का समय निर्धारित है। निर्माण का अधिकतर कार्य पूरा हो चुका है। शेष रहे कार्य को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया है।
गन्ना विभाग के सूत्रों के अनुसार इस गन्ना किसान संस्थान का लाभ मुरादाबाद, बरेली और अलीगढ़ मंडल के 14 जिलों के गन्ना किसानों तथा गन्ना विभाग के कर्मचारियों को मिलेगा। इस संस्थान में समय समय पर गन्ना किसानों को प्रशिक्षण देकर गन्ने की फसल का उत्पादन बढ़ाने और गन्ने की नई प्रजातियों को तैयार करने की जानकारी दी जाएगी।