मुरादाबाद। दिल्ली बम ब्लास्ट के बाद जिले में विशेष चौकसी के दावों पर एटीएम उखाड़ने की घटना ने सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन बदमाश तीन घंटे तक शहर में कार से घूमते रहे लेकिन उन्हें किसी भी चौराहे पर पुलिस कर्मियों ने नहीं रोका। हैरानी की बात है कि एटीएम का अलार्म बजने के बाद भी पुलिस अलर्ट नहीं हुई। इसी का नतीजा है बदमाशों ने लोकोशेड के पास दूसरे एटीएम को निशाना बना लिया और उसे उखाड़कर आसानी से भाग गए। बदमाशों के लोकेशन गलशहीद, कटघर, सिविल लाइंस के अलावा मझोला में भी मिली है।
एसओजी समेत चार टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस की टीमों ने स्मार्ट सिटी के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जिससे सामने आया है कि तीन बदमाश स्लेटी कलर की ब्रेजा से रात करीब 12 बजे शहर में घुसे थे। इसके बाद गिरोह सोमवार की रात करीब ढाई बजे गलशहीद क्षेत्र के गांधी नगर में इंडियन बैंक के एटीएम पर पहुंच गया। यहां एटीएम में गार्ड मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है बदमाशों की कार यहां सात मिनट खड़ी रही। एक नकाबपोश बदमाश कार से उतरकर एटीएम को उखाड़ने की कोशिश की तो अलार्म बज गया। इसके बाद यहां से बदमाश भाग निकले और कटघर क्षेत्र में पहुंच गए। यहां दो मिनट रुकने के बाद कार से सिविल लाइंस क्षेत्र में पहुंच गए। लेकिन अलार्म बजने के बाद भी पुलिस अलर्ट नहीं हुई। उन्होंने लोकोशेड पुल के पास अपनी गाड़ी लगा दी और फिर एक बदमाश चेहरे पर नकाब लगाकर एटीएम बूथ के पास पहुंच गया।
उसने सबसे पहले एटीएम बूथ के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे किया। इसके बाद एटीएम बूथ के अंदर लगे दो कैमरों पर भी स्प्रे कर दिया। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर कंटेनर डिपो है जहां देररात तक वाहन आते रहते हैं। कंटेनर डिपो गेट के पास ही चाय की दुकान है जहां भी रातभर लोग मौजूद रहते हैं लेकिन किसी को भी इस घटना की भनक नहीं लगी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश दिल्ली की ओर भाग गए है। रास्ते में उन्होंने अमरोहा जिले के रजबपुर क्षेत्र में मशीन से रकम निकाल ली थीं।
एटीएम उखाड़ने में बदायूं के ककराला और राजस्थान के मेवात, अलवर के बदमाश माहिर हैं। इन गिरोह ने देश के अलग-अलग शहरों में एटीएम उखाड़ने की घटनाओं को अंजाम दिया है। मुरादाबाद में वारदात करने के बाद बदमाशों ने अमरोहा में एटीएम को फेंक दिया। इसके बाद वह दिल्ली की ओर भागे हैं जिससे माना जा रहा है कि इस वारदात को अंजाम देने वाला गिरोह मेवात या अलवर का हो सकता है। पुलिस की एक टीम बदायूं के गिरोह पर भी काम कर रही है। हो सकता है बदमाशों पुलिस को चकमा देने के लिए बदायूं को सीधे रास्ते को न जाकर चुनकर दिशा बदल दी और ताकी पुलिस उन पर शक न करें। पुलिस की एक टीम दिल्ली, एनसीआर में दबिश दे रही है। ब्यूूरो
सिविल लाइंस क्षेत्र में कांठ रोड पर मोरा की मिलक में पांच जुलाई 2020 की सुबह करीब साढ़े चार बजे कार सवार चार बदमाश गैस कटर से पीएनबी का एटीएम काटकर 16.74 लाख रुपये लूटकर ले गए थे। विरोध करने पर बदमाशों ने एटीएम के पास बैठे आशीष ऑटो मोबाइल्स के दो गार्डों को बंधक बना लिया था। इसके बाद बदमाश कांठ की ओर भाग गए थे। विवेकानंद अस्पताल के पास भी बदमाशों ने एक एटीएम उखाड़ने की कोशिश की थी लेकिन गार्ड की सक्रियता के कारण बदमाश पकड़े गए थे।
-