मुरादाबाद। शादियों के सीजन में ज्वेलरी की दुकानों और ब्यूटी पार्लर के साथ ग्राहकों की रौनक कपड़े की दुकानों पर भी है। खरीदारी करने वाले के बराबर संख्या में ही किराये पर कपड़े लेने वाले हैं। कोट-पेंट हो या शेरवानी, सहेलियों व बहनों के लिए लांचा, शरारा हो या दुल्हन के लिए डिजाइनर लहंगा। यहां सब कुछ किराये पर मिल रहा है।
दूल्हा-दुल्हन इन दुकानों पर कम बजट में अच्छे विकल्प चुन रहे हैं। व्यापारी बताते हैं कि शादियों में किराये पर कपड़े लेने का चलन लगातार बढ़ रहा है। अमरोहा गेट, गुरहट्टी, टाउनहॉल, रामगंगा विहार, जीएमडी रोड स्थित दुकानों में दिन भर ग्राहकों का आना जाना लगा हुआ है। कोई शादी के लिए लहंगे लेने आ रहा है तो कोई शादी निपटा कर किराये पर लिए कपड़े वापस करने आ रहा है। इन दुकानों पर सिर्फ बरात ही नहीं बल्कि हल्दी, मेहंदी, संगीत और रिसेप्शन तक हर कार्यक्रम के लिए अलग-अलग वैरायटी उपलब्ध है। अमरोहा गेट दुकानदार सजल मेहरोत्रा बताते हैं कि ग्राहक अब एक बार पहनने वाले आउटफिट को महंगे दाम में खरीदने की जगह अब सस्ते में किराये पर ले रहे हैं।
इससे उन्हें कम बजट में कई विकल्प मिल रहे हैं। वह बताते हैं कि दुकान में 1200 से पांच हजार रुपये तक की कीमत में कपड़े किराये पर मिलते हैं। टाउनहॉल के दुकानदार विजय अग्रवाल का कहना हैं कि दूल्हा-दुल्हन के बीच पारंपरिक लाल और सुनहरे रंगों से हटकर अब पेस्टल रंगों का और मैचिंग का क्रेज बढ़ा है। इस दौरान यदि दुल्हन हल्के रंग का लहंगा पहन रही है तो दूल्हा भी उसी रंग की शेरवानी या पगड़ी पहन रहा है।
00
लहंगे के साथ ज्वैलरी भी किराये पर
ताड़ीखाना के दुकानदार ओम मेहरोत्रा बताते हैं कि दुल्हन के लहंगे के साथ मैचिंग की ज्वैलरी में भी लोग ले रहे हैं। यह कॉम्बो ऑफर ग्राहकों को बेहद आकर्षित करता है। साथ ही दूल्हे के लिए भी शेरवानी के मैच की पर्ल और स्टोन वाली माला फ्री में दी जा रही है। ओम बताते हैं कि लहंगे और शेरवानी की बुकिंग अक्टूबर में ही आना शुरु हो गई थी। यह बुकिंग 10 दिसंबर तक की है।