कांठ। छजलैट में सड़क के किनारे खोदाई के साथ शुरू हुआ नाला निर्माण कार्य रुक गया है। जिससे यहां के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जहां मिट्टी के ढेरों से हादसे हो रहे हैं, तो वहीं धूल से लोगों को दिक्कतें हो रही हैं।
जिला पंचायत सदस्य नाजिम अली ने बताया था कि छजलैट में मुरादाबाद-हरिद्वार रोड के दक्षिण की ओर की आबादी के बरसाती और घरेलू पानी की निकासी और उसके निस्तारण के लिए जिला पंचायत के द्वारा छह सौ मीटर नाला बनाया जाएगा। तीन दिन पहले ठेकेदार ने यहां जामा मस्जिद के सामने नाला निर्माण के लिए खोदाई का कार्य शुरू कराया था। लेकिन अब आगे का काम रुका हुआ है। खोदाई की गई मिट्टी का ढेर सड़क पर ही लगा है। जिससे यहां हादसे का अंदेशा होने साथ ही वाहनों की आवाजाही से धूल के गुब्बार उड़ रहे हैं। ठेकेदार ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की आपत्ति हुई है। वहीं एई लोक निर्माण विभाग ने कहा कि जैसा जानकारी में आया है कि पहले से ही वहां सड़क की चौड़ाई कम है। छजलैट के प्रधान शमीम अहमद, जहीर अहमद, जाकिर, सद्दाम आदि ने यहां तोड़ी गई पूर्व में बनी नाली का पुनः निर्माण और खोदी गई सड़क को मजबूती के साथ दुरुस्त कराए जाने के लिए कहा है।