ठाकुरद्वारा। सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के दो मार्ग हैं लेकिन दोनों ही मार्गों की हालत खस्ता है। इन मार्गों की सड़क में गहरे गड्ढे हैं। इस स्थिति में इन सड़कों से हरिद्वार से कांवड़ लाने वाले शिव भक्तों को परेशानी होगी।
शनिवार को एसडीएम जितेंद्र सिंह वीर बाल ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से कांवड़ यात्रा की तैयारी के बारे में चर्चा की। कांवड़ लाने वाले भक्तों के बारे में जानकारी ली। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परिवार ने बताया कि कांवड़ यात्रा जसपुर और सुरजननगर मार्ग से होकर आती है। जसपुर मार्ग पर यात्रा का क्षेत्र मस्तल्लीपुर से शुरू होता है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग की सड़क की हालत ठीक नहीं है। ठाकुरद्वारा से सुरजननगर मार्ग की सड़क की हालत बेहद खराब है। ठाकुरद्वारा नगर, रामनगर खागूबाला, शरीफनगर सहित कई स्थानों पर सड़क में गहरे गड्ढे हैं। थोड़ी सी बारिश में सड़क पर तालाब जैसी स्थिति हो जाती है। ऐसी स्थिति में कावड़ यात्रा में आने वाले शिव भक्तों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि वे संबंध में अपनी रिपोर्ट सीओ के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों को भेज रहे हैं। सावन माह में क्षेत्र के काफी संख्या में शिव भक्त पैदल और डाक कांवड़ लेकर आते हैं। क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में सावन माह के प्रत्येक सोमवार में जलाभिषेक किया जाता है। ठाकुरद्वारा सुरजननगर मार्ग की खस्ता हालत का मामला किसान संगठन और नागरिक कई बार समाधान दिवस में उठा चुके हैं। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को इस बारे में आदेश भी दिए गए लेकिन पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का यही कहना रहता है कि उन्होंने इस सड़क के निर्माण का एस्टीमेट भेज दिया है शासन से स्वीकृति मिलने के बाद ही इसका निर्माण या मरम्मत हो सकेगी।