मुरादाबाद। कमिश्नर ने मंडल के छह एसडीएम से स्पष्टीकरण तलब किया है। आरोप है कि सभी एसडीएम ने क्राॅप कटिंग योजना में लापरवाही बरती है। अभी मुरादाबाद जिले की रिपोर्ट मंडलीय कार्यालय को नहीं मिली है।
क्राॅप कटिंग योजना के तहत पांच प्रतिशत खेतों का चयन, चयनित खेतों की कटाई, मड़ाई और तौल का कार्य राजस्व निरीक्षकों को सौंपा गया है। इस मामले में कमिश्नर ने समीक्षा के दौरान बिजनौर के चार एसडीएम और रामपुर जिले के बिलासपुर एवं मिलक एसडीएम की लापरवाही प्रकाश में आई है। कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि छह एसडीएम से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। बिजनौर में फसल बीमा योजना की रिपोर्ट शून्य मिलने पर संयुक्त निदेशक कृषि को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
नगर पंचायतों के ईओ पर गिरेगी गाज
कमिश्नर ने बताया कि सीमा से कम खर्च करने वाले नगर पंचायत ईओ पर गाज गिरेगी। प्राथमिक जांच में आया है कि मसवासी ईओ ने फरवरी तक बजट का महज तीन प्रतिशत धन खर्च किया है। इस मामले में मंडल की सभी नगर पंचायतों की रिपोर्ट मांगी गई है। मानक से कम खर्च करने वाले नगर पंचायतों के ईओ पर कार्रवाई की जाएगी।
-
मुरादाबाद के नौ स्कूलों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार
कमिश्नर ने बताया कि समीक्षा में पता चला है कि मुरादाबाद के नौ स्कूलों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। आवश्यता पड़ने पर स्कूलों के स्थान परिवर्तित किए जाएंगे। इसी प्रकार रामपुर में 59 स्कूलों, बिजनौर में 117, संभल में 19 और अमरोहा के 12 स्कूलों के ऊपर से विद्युत लाइन गुजर रही है। कई स्कूलों के ऊपर से विद्युत तार हटाकर दूसरी तरफ करने के निर्देश दिए गए हैं।