बिलारी। क्षेत्र के फतेहपुर नत्था गांव में हाईवे पर अवैध रूप से चल रहे क्लीनिक को चिकित्साधीक्षक ने छापा मारकर सील कर दिया। इसके निकट ही एक अन्य क्लीनिक संचालक शटर गिराकर क्लीनिक बंद करके भाग गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलारी के चिकित्साधीक्षक डाॅ. हरीश चंद्रा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली की आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे फतेहपुर नत्था गांव में स्वास्थ्य विभाग की अनुमति के बिना एक क्लीनिक संचालित हो रहा है। चिकित्साधीक्षक बृहस्पतिवार दोपहर जब इस क्लीनिक पर पहुंचे तब क्लीनिक के बोर्ड पर मारुति नंदन हेल्थ केयर सेंटर लिखा हुआ था। क्लीनिक को संचालित करने में जिस डाक्टर का नाम लिखा था वह मौके पर मौजूद नहीं था।
चिकित्साधीक्षक के अनुसार इस क्लीनिक में दो बच्चों विवेक और अंश कुमार को इलाज करने के नाम पर भर्ती किया गया था। अंश कुमार की मां सरिता ने पूछने पर चिकित्साधीक्षक को बताया कि उसका बेटा बुखार से पीड़ित है जिसे िड्रप लगाई जा रही है। मौके पर रवि कुमार नाम का युवक इन दोनों बच्चों का इलाज करता मिला। रवि कुमार अपनी कोई डिग्री नहीं दिखा पाया इसके अलावा क्लीनिक संचालक की डिग्री तथा क्लीनिक चलाने की स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोई अनुमति भी नहीं दिखा पाया। चिकित्साधीक्षक ने एम्बुलेंस मंगाकर दोनों बच्चों को उपचार के लिए सीएचसी भिजवा दिया और क्लीनिक को सील कर दिया। चिकित्साधीक्षक ने बताया कि अवैध रूप से क्लीनिक संचालक के खिलाफ अदालत में परिवाद दर्ज कराया जाएगा।