मुरादाबाद। जिस डिजिटल लॉक के आसानी से खुलने की वजह से बदमाश पीतल कारोबारी इमरान के घर में घुसे, उसी लॉक के जरिये पुलिस के हाथ आरोपियों की गर्दन तक पहुंच गए। रही-सही कसर कारोबारी की बेटी अरीबा की कॉल डिटेल ने पूरी कर दी। कड़ी से कड़ी जुड़ती चली गई और इस सनसनीखेज डकैती का राजफाश हो गया। सामने आया कि इस डकैती का रिमोट कंट्रोल अरीबा के हाथ में ही था।
पीतल कारोबारी इमरान ने अपने घर की सुरक्षा के लिए जबरदस्त बंदोबस्त किए हैं। घर के दोनों गेट पर डिजिटल लॉक लगवाए। बीस से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे निगरानी के लिए लगाए गए हैं। और तो और घर के खुले हिस्से को जाली से कवर कराया गया है। इतने सुरक्षा इंतजाम के बाद भी कारोबारी के घर में घुसे बदमाश 1.20 करोड़ की नकदी और छह तोला सोना लूट ले गए।
पुलिस ने जब इस वारदात की जांच शुरू की तो पहली नजर डिजिटल लॉक पर आकर टिक गई।
दरअसल डिजिटल लॉक की खासियत होती है कि इसे किसी दूसरी चाबी से खोलने की कोशिश की जाए तो अलार्म बज जाता है। लेकिन, घटना वाली रात ऐसा कुछ नहीं हुआ। पुलिस को तफ्तीश में कुछ और सुराग भी मिले। घर के सदस्यों के मोबाइल की जब कॉल डिटेल खंगाली गई तो बेटी अरीबा पर पुलिस के शक की सुई टिक गई। अरीबा की घटना से पहले और बाद में अरशद नाम के युवक से लगातार बातचीत हुई। पुलिस ने डिटेल खंगाली और सख्ती से पूछताछ की तो खुलासा हो गया। अरीबा ने ही घर के अंदर से रिमोट के जरिये डिजिटल लॉक खोलकर अपने साथियों को अंदर बुलाया था।