मुरादाबाद/अमरोहा। रोडवेज की बस में सफर कर रहे स्क्रैप कारोबारी को नशीला बिस्कुट खिलाकर बेहोश कर दिया अैर उनके 4.65 लाख रुपये चोरी कर लिए गए। घटना के समय वह दिल्ली से मुरादाबाद अपने घर लौट रहे थे। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत पहले पाकबड़ा थाने और फिर डिडौली थाने में की। दोनों थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। बीस घंटे बाद इस मामले में केस दर्ज किया गया है। पुलिस कारोबारी को बिस्कुट खिलाने वाले होमगार्ड की वर्दी पहने सहयात्री से पूछताछ कर रही है।
मझोला थानाक्षेत्र के करुला जयंतीपुर निवासी मोहम्मद इदरीश का परिवार रहता है। उनके बेटे मोहम्मद मरगूब स्क्रैप का कारोबार करते हैं। दिल्ली में सप्लाई की स्क्रैप की रकम के तौर पर 4.65 लाख रुपये लेकर वह सोमवार देर रात वह दिल्ली से मुरादाबाद लौट रहे थे। यह रकम उन्होंने बैग में रखी थी। मरगूब के मुताबिक वह बरेली डिपो की बस में सवार थे। रात करीब एक बजे बस गजरौला में एक होटल पर रुकी। उनके साथ सीट पर बैठे होमगार्ड की वर्दी पहने शख्स के साथ बस से बाहर आकर उन्होंने चाय पी। इस बीच सहयात्री (होमगार्ड वर्दीधारी) ने उन्हें बिस्कुट खिलाया। वापस बस में आने के कुछ देर बाद वह बेहोश हो गए। होश आया तो बस डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हाईवे स्थित चौधरपुर से आगे निकल चुकी थी। उनकी रकम से भरा बैग भी गायब था। उन्होंने चालक और परिचालक को जानकारी दी तो उन्होंने बस को सीधे पाकबड़ा थाने ले जाकर रोका गया। मरगूब के शक पर पाकबड़ा पुलिस ने होमगार्ड की वर्दी पहने शख्स को हिरासत में ले लिया। शाम तक चली पूछताछ के बाद पुलिस ने पकड़े गए शख्स के फर्जी होमगार्ड होने का शक जताया है। पुलिस को उसके पास से बैग या उसमें रखे 4.65 लाख रुपये नहीं मिले। मंगलवार रात करीब दस बजे इस मामले में पाकबड़ा थाने में केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी योगेंद्र यादव ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। हिरासत में लिस गए व्यक्ति के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इधर से उधर दौड़ाती रहीं डिडौली-पाकबड़ा थानों की पुलिस
अमरोहा। दिल्ली से मुरादाबाद के सफर के बीच 4.65 लाख रुपये गंवाने वाले स्क्रैप कारोबारी की तकलीफ पुलिस के रवैये ने और बढ़ा दी। कारोबारी के मुताबिक मामले का पता चलने पर ड्राइवर ने बस को पाकबड़ा थाने पहुंचा दिया। वहां पुलिस ने वाकया पीछे का बताते हुए डिडौली थाने जाने को कहा। डिडौली पहुंचे तो वहां की पुलिस ने पाकबड़ा भेज दिया। काफी मिन्नतों के बाद पाकबड़ा पुलिस ने उनकी तहरीर ली। होमगार्ड वर्दीधारी को पहले ही हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी।