ईद मनाने बाहर गए एक परिवार के मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। चोरों ने ताले तोड़कर दो लाख रुपये की नकदी समेत दस लाख रुपये की कीमत का सामान चोरी कर लिया। बुधवार सुबह कारोबारी की बेटी घर लौटे तो चोरी की जानकारी हो पाई। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना कटघर थानाक्षेत्र में कच्ची बस्ती पीतलनगरी गली नंबर एक में हुई है। मूलरूप से उत्तराखंड के रामनगर निवासी अनवर हुसैन स्टील के बर्तनों के कारोबारी हैं। वह अपने परिवार के यहां पीतलनगरी कच्ची बस्ती में रहते हैं, जबकि घर से कुछ ही दूरी पर अनवर हुसैन की फर्म है। उन्होंने पुलिस को बताया कि चांद रात को वह मकान में ताला लगाकर रामनगर चले गए थे। कारोबारी की बेटी अनस बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। बुधवार दोपहर दो बजे से दूसरी पाली में अनम की परीक्षा थी। जिस कारण अनस बुधवार सुबह ही अपने भाई के साथ पीतल नगरी आ गई थी। भाई बहन ने मकान के ताले टूटे देखे तो उनके होश उड़ गए। अनस ने तुरंत इस मामले की जानकारी अपने पिता को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआना किया गया। इसके बाद पुलिस वापस चली गई। परिवार के मुताबिक, चोर मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को तोड़कर अंदर घुसे और कमरे में रखी अलमारी से दो लाख रुपये की नकदी, सोने चांदी के जेवर समेत दस लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया है। कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।