मुरादाबाद। गलशहीद थाना क्षेत्र के हरपाल नगर स्थित मोहन एक्सरे सेंटर में बृहस्पतिवार की सुबह एक युवक का शव शौचालय में मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है।
विज्ञापन
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि संभल के बैटला निवासी उमेश कुमार (28) हरपाल नगर में मोहन एक्सरे सेंटर में काम करता था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे उमेश शौचालय गया, लेकिन काफी देर तक भी वापस नहीं आया। कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खोला तो उमेश बेहोशी की हालत में मिला। साथी कर्मचारी उसे निजी अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया । फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने एक्सरे सेंटर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। उमेश शौचालय की ओर अकेले ही जाता दिखाई दिया है। ब्यूरो