कांठ। एक दिन पहले अपने घर से बाइक लेकर निकले ट्रक चालक का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला तो उसकी बाइक शव से करीब एक किलोमीटर की दूरी से बरामद हुई है। चालक मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
कांठ के गांव मुख्त्यारपुर नवादा के पास आशापुर कॉलोनी के सामने स्थित तालाब के किनारे कोटेदार अशोक कुमार का गन्ने का खेत है। शनिवार की दोपहर कुछ किसान कृषि कार्य के लिए अपने खेतों पर जा रहे थे, अचानक उनकी नजर कोटेदार के खेत में पड़ी तो यहां उन्हें एक युवक पड़ा दिखाई दिया, जिस पर उन्होंने पास जाकर देखा तो वह मृत अवस्था में पड़ा था। उन्होंने अन्य किसानों और ग्रामीणों को बताया तो भीड़ लग गई। जानकारी मिलते ही थाने के निरीक्षक अपराध राम नरेश यादव और सहायक पुलिस अधीक्षक व सीओ कांठ भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जो उसकी पहचान नासिर (23) निवासी सराय खजूर थाना छजलैट के रूप में हुई। पुलिस ने इधर-उधर छानबीन की तो मृतक की बाइक करीब एक किलोमीटर की दूरी से बरामद हुई। इधर सूचना मिलते ही कुछ देर में ही मृतक की मां मैसर जहां, मौसेरा भाई मोईन व अन्य परिवार वाले भी आ गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार नासिर ट्रक चालक था। शुक्रवार को वह सराय खजूर अपने घर से बाइक द्वारा निकला था। उसकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। अभी परिवार वालों ने सिर्फ पोस्टमार्टम कराने के संबंध में पुलिस को पत्र दिया है। युवक के परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्षेत्र के गांव मुख्त्यारपुर नवादा के पास गन्ने के खेत से जिस ट्रक चालक नासिर निवासी सराय खजूर थाना छजलैट का शव मिला है, वह अपने चार बहन-भाइयों में सबसे छोटा था। करीब चार साल पहले ही उसकी शादी थाना मैनाठेर के रसूलपुर निवासी भूरी से हुई थी। परिवार वालों, रिश्तेदारों व ग्रामीणों के अनुसार नासिर अधिकतर अपनी ससुराल में रहता था। उसकी की मौत से मां मैसर जहां, भाई आरिफ, आसिफ, बहन रानी सहित सभी परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस भी मामले की गहनता के साथ जांच रही है। संवाद