मुरादाबाद। सपा के महापंचायत कार्यक्रम में सांसद हरेंद्र मलिक ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2027 की लड़ाई संविधान बनाम सत्ता की होगी। भाजपा जिस संविधान की शपथ लेकर सत्ता में आती है बाद में उसी को कुचलने का काम करती है। यह बात अब जनता भी अच्छी तरह से जान चुकी है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के साथ-साथ अन्य मतदाताओं को साधने की कोशिश की और प्रदेश व केंद्र सरकार पर जमकर प्रहार किया। आरक्षण दिवस के अवसर पर पंचायत भवन में आयोजित संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस कार्यक्रम में बतौर अतिथि सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि भाजपा सत्ता में आते ही संविधान को भूल गई है। किसान-मजदूर परेशान हैं। बेरोजगारी चरम पर है और दिनदहाड़े कानून के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने उपराष्ट्रपति के इस्तीफे को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि उपराष्ट्रपति को अपमानित करने वाली सरकार संविधान नहीं, सत्ता चलाती है।
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर हरेंद्र मलिक ने कहा कि सैनिकों ने अपनी वीरता परिचय देते हुए पाकिस्तान के छक्के छुड़ाए। मगर सरकार सही जानकारी देने से कतरा रही है। सांसद रुचि वीरा ने इकरा हसन को लेकर की गई टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा की सोच महिलाओं के प्रति अपमानजनक है। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी हुई लेकिन कार्रवाई के नाम पर बस खानापूर्ति कर एफआईआर दर्ज कर लिया गया। आरोपी से न तो पूछताछ हुई और न ही गिरफ्तारी की गई। जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने कहा की 2027 में सपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
वहीं दूसरी ओर सपा महानगर का कार्यक्रम एक बैंक्वेट हॉल में हुआ। इसमें भी बतौर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद हरेंद्र मलिक ने अपने विचार व्यक्त किए। यहां पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने अपने संबोधन में कहा कि जनता मौजूदा सरकार से त्रस्त है। आगामी चुनाव में जनता ही मौजूदा सरकार को सबक सिखाएगी। पूर्व विधायक हाजी युसूफ अंसारी, सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन राजेश यादव और महानगर अध्यक्ष इकबाल हुसैन अंसारी ने संविधान समेत अन्य मुद्दों पर अपने विचार रखे।
00
- इनकी रही मौजूदगी
पंचायत भवन में विधायक मो. फहीम, नासिर कुरैशी, नवाबजान, हाजी रिजवान, बाबर खान, नाजिम हुसैन, धर्मेंद्र यादव, असलम चौधरी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं महानगर के कार्यक्रम में सोमवीर यादव, मुकेश यादव, अतहर हुसैन अंसारी, राजकुमार प्रजापति समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
00
- खाने को लेकर कार्यकर्ताओं का हंगामा
सपा सांसद हरेंद्र मलिक के संबोधन के समय ही कार्यकर्ता खाने के लिए बाहर जाने लगे। इसे देख जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह ने खाना न शुरू करने का एलान कर दिया। बाहर निकले कार्यकर्ता इसे सुन हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि सुबह से भूखे-प्यासे बैठे हुए हैं। गुस्से में कुछ कार्यकर्ताओं ने प्लेट भी तोड़ दी। मुख्य अतिथि का संबोधन खत्म होने के बाद खाना शुरू किया गया।
00
- ड्रोन देख चिल्लाए कार्यकर्ता
पंचायत भवन में कार्यक्रम के दौरान ड्रोन से वीडियोग्राफी की जा रही थी। ड्रोन देखते ही सभागार में शोर-शराबा होने लगा। संचालक ने कहा कि घबराओ मत यह रात वाला ड्रोन नहीं सपा वाला ड्रोन है। इसपर कार्यकर्ताओं ने खूब तालियां बजाईं।