ठाकुरद्वारा। गांव शहबाजपुर कला में नमाज पढ़ने को लेकर देवबंदी और बरेलवी पक्ष में विवाद और तनातनी है। गांव मुस्लिम बहुल है और उसमें दोनों फिरकों की आबादी लगभग बराबर-बराबर है।
रविवार को बरेलवी पक्ष के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से देवबंदी पक्ष के लोगों की शिकायत की। उनपर मस्जिद में नमाज न पढ़ने देने का आरोप लगाया। जिस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को तलब कर उन्हें गांव में शांति बनाए रखने की हिदायत दी है। गांव में 29 जनवरी को अफसरी खातून की मौत हो गई थी। बरेलवी पक्ष के लोगों का कहना है कि देवबंदी पक्ष के लोगों ने उनकी नमाज नहीं पढ़ने दी। जिस पर बिना नमाज के ही महिला का दफन किया गया। बरेलवी पक्ष के लोगों का आरोप है कि देवबंदी पक्ष के लोग गांव में स्थित दोनों मस्जिदों में उन्हें नमाज नहीं पढ़ने देते है। नमाज पढ़ाने वाले इमाम भी उन्हीं के पक्ष के हैं। इस कारण उन्हें नमाज पढ़ने के लिए गांव से बाहर जाना पड़ता है। बरेलवी पक्ष के लोगों ने देवबंदी पक्ष के लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है, उन्हें मस्जिद में नमाज की अनुमति दिलाने की मांग की है।
बरेलवी पक्ष के लोगों ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र के कुछ जन प्रतिनिधियों ने भी गांव में पहुंचकर दोनों पक्षों में समझौता कराने का प्रयास किया था, लेकिन देवबंदी पक्ष के लोग नहीं माने। जिस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली में बुलाया। उन्हें समझाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार का कहना है कि दोनों पक्षों को गांव में शांति बनाए रखने की हिदायत दी गई है। वहीं देवबंदी पक्ष के लोगों से कहा गया है कि वह बरेलवी पक्ष के लोगों को नमाज पढ़ने से न रोकें। उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में भी निरोधात्मक कार्रवाई कर रही है।