मुरादाबाद। मायानगर सहकारी आवास समिति के जमीन घोटाले के मामले में सचिव और सहायक सचिव की शीघ्र नियुक्ति होगी। जनवरी के प्रथम सप्ताह में कार्यालय की सील तोड़कर कागजातों की जांच की जाएगी।
मायानगर सहकारी आवास समिति के जमीन घोटाले के मामले में जमीन की ऑडिट चल रहा है। अपर आयुक्त के अनुसार ऑडिट के बाद सहकारी अधिकारी (आवास) सभापति सहित अन्य लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। मंडल स्तर पर गठित कमेटी के तीन अधिकारियों की जांच टीम ने 100 करोड़ से अधिक जमीन घोटाले का खुलासा किया था।
इसी वजह से अपर आयुक्त आवास ने समिति भंग कर दी। डीएम ने समिति को संचालित करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट विनय पांडेय को अंतरिम अध्यक्ष बनाया है। समिति का संचालन अध्यक्ष के साथ दो अन्य सदस्य करेंगे। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि राजस्व और सहकारिता से जुड़े लोगों को सचिव और सहायक सचिव नियुक्त किया जाएगा। जनवरी के प्रथम सप्ताह में कार्यालय की सील तोड़कर जांच की जाएगी।
इधर, डीएम की तरफ से गठित एसआईटी जमीन का ऑडिट कर रही है। इससे स्पष्ट होगा कि जमीनों का घपला किस स्तर पर किया गया है। इसके बाद दोषी लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट विनय पांडेय ने बताया कि मंगलवार को आने के बाद वह समिति के कार्यों के बारे में जानकारी लेंगे। ब्यूरो