बिलारी। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश प्रयागराज के पूर्व अध्यक्ष शिरीष मेहरोत्रा का तहसील बार एसोसिएशन के सदस्यों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की हिमायत की और पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच स्थापना की वकीलों की मांग को जायज बताया।
प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य पद के प्रदेश भर में चल रहे चुनाव के सिलसिले में बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष शिरीष मेहरोत्रा बृहस्पतिवार दोपहर बिलारी आए थे। जेसे ही वही तहसील मुख्यालय के दरवाजे पर पहुंचे तभी तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्प गुच्छ देकर और फूल मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया। बाद में बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष के स्वागत में ढोल नगाड़ों के साथ एसडीएम कार्यालय के सामने होते हुए तहसील बार कक्ष तक पहुंचाया गया। यहां पूर्व अध्यक्ष ने वकीलों से बार काउंसिल के सदस्य के चुनाव में हर हाल में अपने मताधिकार का उपयोग करने का आहवान किया।
बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष ने अपने अध्यक्ष पद के कार्यकाल की उपलब्धियां और बार काउंसिल द्वारा प्रदेश भर के वकीलों के कल्याण के लिए चलाई जा रहीं योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपने हितों की रक्षा के लिए संगठित रहने का आहवान किया। पत्रकार वार्ता में बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार को एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने में रूचि दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट की बेंच स्थापना की मांग के मुद्दे पर वह पश्चिमी यूपी के वकीलों के साथ हैं।
बार कक्ष में हुए समारोह की अध्यक्षता तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह और संचालन महासचिव सुनील कुमार सिंह ने किया। इस दौरान बार एसोसिएशन की एल्डर कमेटी के चेयरमैन हाजी कमाल अकबर, सचिव रामकुमार सिंह यादव, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष भगवान सरन माथुर, पूर्व अध्यक्ष अजयपाल सिंह, पूर्व अध्यक्ष चेतन्यपाल सिंह, तेज प्रताप सिंह चौहान, प्रमोद कुमार शर्मा, चौधरी अनोद कुमार, अवधेश कुमार शर्मा, परमजीत सिंह,जबर सिंह आदि ने विचार रखे।